'रामायण' का पहला गाना 'जय जय राम' आउट: अरिजीत-श्रेया की आवाज में दिखा राम-सीता विवाह का दिव्य दृश्य
नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज कर दिया गया है। गाने में भगवान राम और माता सीता के दिव्य संबंध के साथ उनके विवाह की भव्य झलक देखने को मिलती है।इस गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज दी है। वहीं इसका संगीत ए.आर. रहमान ने कंपोज, प्रोड्यूस और अरेंज किया है। गाने के बोल मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं।
गाने के सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसके विजुअल्स और म्यूजिक की चर्चा शुरू हो गई है।
राम-सीता के विवाह की दिखाई गई भव्य झलक
‘जय जय राम’ के वीडियो में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं।
वीडियो में सीता के रूप में साई पल्लवी भगवान राम को वरमाला पहनाती हुई दिखाई देती हैं। वहीं रणबीर कपूर कभी झरने के पास हाथ जोड़कर तो कभी धनुष के साथ भगवान राम के स्वरूप में नजर आते हैं।
इसके अलावा वीडियो में साई पल्लवी और रवि दुबे, जो फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं, भगवान राम की आरती करते हुए भी दिखाई देते हैं।
गाने में भक्ति, प्रेम और आध्यात्मिक भाव को प्रमुखता दी गई है। ‘जय जय राम’ का बार-बार दोहराव इसे एक भक्तिमय मंत्र जैसा एहसास देता है। इसके बोल भगवान राम के प्रति आस्था, विश्वास और उनकी शरण में जाने की भावना को दर्शाते हैं।
गाने में ‘अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम’ जैसे पारंपरिक श्लोक का भी इस्तेमाल किया गया है, जिससे आधुनिक संगीत के साथ धार्मिक और पौराणिक भाव को जोड़ा गया है।
रणबीर राम तो यश बने हैं रावण
फिल्म की स्टारकास्ट भी इसे खास बनाती है। रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, जबकि साउथ सुपरस्टार यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे।
वहीं सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी और रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म में विवेक ओबेरॉय और कुणाल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं।
ए.आर. रहमान और हंस जिमर का म्यूजिक
‘रामायण’ के म्यूजिक को लेकर भी काफी चर्चा है। फिल्म के संगीत और बैकग्राउंड स्कोर पर ए.आर. रहमान और हॉलीवुड के दिग्गज म्यूजिक कंपोजर हंस जिमर साथ काम कर रहे हैं।
‘जय जय राम’ में रहमान के संगीत और अरिजीत सिंह-स्रेया घोषाल की आवाज का कॉम्बिनेशन सुनने को मिलता है, जो गाने को भव्य और आध्यात्मिक माहौल देता है।
दो हिस्सों में रिलीज होगी ‘रामायण’
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह मेगा फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म के पहले पार्ट को दिवाली 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी है।
फिल्म के पहले पार्ट का ट्रेलर भी 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त के मौके पर रिलीज किया गया था। ट्रेलर में रणबीर कपूर का शांत और तेजस्वी राम अवतार, साई पल्लवी का सीता रूप और यश का रावण वाला खतरनाक अंदाज काफी चर्चा में रहा।
करीब 4000 करोड़ का बताया जा रहा बजट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ को करीब 4000 करोड़ रुपये के बड़े बजट में दो हिस्सों में बनाया जा रहा है। अगर ये आंकड़ा सही है, तो यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल होगी।
फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स पर भी बड़े स्तर पर काम किया जा रहा है और VFX की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता कंपनी DNEG संभाल रही है।
नितेश तिवारी के इस मेगा प्रोजेक्ट से दर्शकों को काफी उम्मीदें हैं और अब ‘जय जय राम’ के रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।