Ramayana Box Office: दूसरे शुक्रवार को भी नहीं थमी रफ्तार, 9वें दिन 47.85 करोड़ कमाकर रचा नया रिकॉर्ड
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर फिल्म 'रामायण' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। पहले हफ्ते में जबरदस्त कमाई करने के बाद फिल्म ने दूसरे हफ्ते की शुरुआत भी मजबूत अंदाज में की है। रिलीज के 9वें दिन यानी दूसरे शुक्रवार को कलेक्शन में पहले दिनों के मुकाबले गिरावट जरूर आई, लेकिन फिल्म ने फिर भी बड़ी रकम जुटाई।
फिल्म ने अपने पहले एक्सटेंडेड वीक में 564.60 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके बाद दूसरे शुक्रवार को भी दर्शकों की अच्छी संख्या सिनेमाघरों तक पहुंची। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, 'रामायण' ने 9वें दिन भारत में करीब 47.85 करोड़ रुपये नेट कमाए।
इस आंकड़े के साथ फिल्म का घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 9 दिनों में बढ़कर 612.45 करोड़ रुपये हो गया है। खास बात यह है कि इसी के साथ 'रामायण' ने भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की टॉप-10 लिस्ट में भी जगह बना ली है।
'छावा' को पीछे छोड़कर टॉप-10 में एंट्री
'रामायण' ने 612 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन करके विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' के करीब 601 करोड़ रुपये के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। इसके साथ ही यह भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 10वीं फिल्म बन गई है।
अब फिल्म के सामने अगला बड़ा लक्ष्य 'कांतारा चैप्टर 1' का करीब 622.48 करोड़ रुपये का कलेक्शन है। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए 'रामायण' के जल्द ही इस आंकड़े को पार करने की उम्मीद की जा रही है।
दूसरे शुक्रवार की कमाई में भी बनाया रिकॉर्ड
'रामायण' ने सिर्फ कुल कलेक्शन में ही नहीं, बल्कि दूसरे शुक्रवार की कमाई के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। 47.85 करोड़ रुपये के साथ यह फिल्म भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक का सबसे ज्यादा कमाई करने वाला दूसरा शुक्रवार दर्ज करने में सफल रही।
इस मामले में 'रामायण' ने 'धुरंधर 2' को पीछे छोड़ दिया, जिसने दूसरे शुक्रवार को 42 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं 'पुष्पा 2' ने 37.5 करोड़, 'बाहुबली 2' ने 37 करोड़ और 'धुरंधर' ने 34.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। 'RRR' की दूसरे शुक्रवार की कमाई 31.7 करोड़ रुपये रही थी।
अब सभी की नजरें दूसरे शनिवार और रविवार पर हैं। वीकेंड में फिल्म की कमाई में फिर उछाल आने की उम्मीद है। अगर 'रामायण' इसी रफ्तार को बरकरार रखती है, तो आने वाले दिनों में यह बॉक्स ऑफिस पर कई और बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।