☰
×

Ramayan के बजट पर Ram Gopal Varma का बड़ा दावा, बोले- Part 2 की कमाई पहले से 10 गुना ज्यादा होगी

 

नीतेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ को लेकर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने एक बड़ा दावा किया है। फिल्म के बजट और बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच वर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लंबा पोस्ट लिखकर अपनी राय रखी। उन्होंने बताया कि वह फिल्म को दो बार देख चुके हैं और उनके मुताबिक ‘रामायण: पार्ट 1’ का वास्तविक बजट 800 करोड़ रुपये से भी कम है।

राम गोपाल वर्मा ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा के विजन की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने दावा किया कि 2028 में रिलीज होने वाला ‘रामायण: पार्ट 2’ पहले भाग की तुलना में करीब 10 गुना ज्यादा कारोबार कर सकता है।

800 करोड़ से कम है पहले पार्ट की लागत?

फिल्म के बजट को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दोनों भागों का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये और एक भाग का बजट 2,000 करोड़ रुपये तक बताया गया है।

राम गोपाल वर्मा ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार ‘रामायण: पार्ट 1’ की वास्तविक लागत 800 करोड़ रुपये से थोड़ी कम है। उनके मुताबिक आपसी फायदे वाली डील, ग्लोबल टैक्स बेनिफिट और सब्सिडी जैसी चीजों को शामिल करने के बाद फिल्म की प्रभावी लागत और कम हो सकती है।

उन्होंने यह भी कहा कि दोनों भागों का बजट बराबर मानना सही नहीं है, क्योंकि फिल्म के अलग-अलग हिस्सों में खर्च अलग हो सकता है।

मां ने बिल्डिंग के स्टाफ के लिए खरीदे टिकट

राम गोपाल वर्मा ने फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच बने माहौल का एक निजी किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने अपनी बिल्डिंग के गार्ड और स्टाफ के लिए ‘रामायण’ के टिकट खरीदे।

वर्मा ने कहा कि उनकी मां ने उनकी खुद की फिल्मों के लिए भी कभी इस तरह टिकट नहीं खरीदे थे। उन्होंने फिल्म की लोकप्रियता को लेकर दावा किया कि यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

फिल्म के विजुअल सेटअप को बताया बड़ी ताकत

वर्मा ने नमित मल्होत्रा के विजन की तारीफ करते हुए कहा कि ‘रामायण’ के विशाल विजुअल वर्ल्ड को तैयार करने में काफी निवेश किया गया है। उनके मुताबिक फिल्म के लिए तैयार किया गया यह सेटअप भविष्य में गेमिंग, दूसरे प्रोजेक्ट्स और इसके दूसरे भाग में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

उनका मानना है कि इस रणनीति को कई फिल्ममेकर और ट्रेड एनालिस्ट पूरी तरह नहीं समझ पा रहे हैं। वर्मा ने यह भी दावा किया कि थिएटर के साथ-साथ नॉन-थिएट्रिकल कमाई के जरिए निर्माता पहले भाग या संभवतः दोनों भागों की लागत निकाल सकते हैं।

Part 2 में दिखेंगे बड़े युद्ध और एक्शन सीक्वेंस

राम गोपाल वर्मा ने ‘रामायण: पार्ट 2’ को लेकर भी बड़ी उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि दूसरे भाग में कहानी के सबसे बड़े और भव्य एक्शन सीक्वेंस देखने को मिल सकते हैं।

इनमें हनुमान का पराक्रम, वानर सेना, राम सेतु, लंका दहन, सीता का लंका में होना, कुंभकर्ण वध और रावण वध जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग शामिल होंगे।

वर्मा ने कमाई की तुलना करते हुए कहा कि अगर ‘KGF 2’ ने पहले भाग के मुकाबले करीब पांच गुना कारोबार किया था, तो उनके अनुमान के मुताबिक ‘रामायण: पार्ट 2’ पहले भाग से 10 गुना तक ज्यादा कारोबार कर सकती है।

मेकर्स के मुताबिक फिल्म का दूसरा भाग अब 2028 में रिलीज किया जाएगा। ऐसे में फिल्म के पहले पार्ट के प्रदर्शन के साथ-साथ दर्शकों की नजर इसके अगले भाग की रिलीज और बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भी रहेगी।