☰
×

Rakhi Sawant Birthday: कभी शादी में परोसा खाना, फिर बनीं 'ड्रामा क्वीन'; ऐसी रही राखी सावंत की जिंदगी

 

बॉलीवुड की 'ड्रामा क्वीन' राखी सावंत अपनी फिल्मों और टीवी शोज के साथ-साथ बेबाक अंदाज और निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहती हैं। 25 नवंबर को एक्ट्रेस अपना जन्मदिन मना रही हैं। उन्होंने अपने करियर में छोटे-बड़े कई फिल्मी किरदार निभाए और रियलिटी शोज के जरिए भी खूब लोकप्रियता हासिल की। हालांकि, उनका सफर आसान नहीं रहा। एक समय ऐसा भी था, जब आर्थिक तंगी के चलते उन्हें शादी समारोह में खाना परोसने का काम करना पड़ा था।

अनिल अंबानी की शादी में किया था काम

राखी सावंत का जन्म 25 नवंबर 1978 को मुंबई में हुआ था। उनका असली नाम नीरू भेड़ा बताया जाता है। मध्यमवर्गीय परिवार में पली-बढ़ीं राखी ने शुरुआती जिंदगी में आर्थिक परेशानियों का सामना किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पैसों की जरूरत के चलते उन्होंने उद्योगपति अनिल अंबानी और अभिनेत्री टीना मुनीम की शादी में खाना परोसने का काम किया था। इसके बाद उन्होंने मनोरंजन की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष शुरू किया।

'अग्निचक्र' से शुरू हुआ फिल्मी सफर

राखी सावंत ने करीब 19 साल की उम्र में गोविंदा की फिल्म 'अग्निचक्र' से बॉलीवुड में कदम रखा था। इस फिल्म में उन्होंने रूही सावंत नाम का छोटा किरदार निभाया था।

इसके बाद साल 2003 में फिल्म 'चुरा लिया है तुमने' के गाने 'मोहब्बत है मिर्ची' में उनके डांस ने लोगों का ध्यान खींचा। साल 2004 में वह शाहरुख खान की फिल्म 'मैं हूं ना' में भी नजर आईं। इसमें उन्होंने एक ग्लैमरस कॉलेज गर्ल का किरदार निभाया था।

राखी 'मस्ती', 'शूटआउट एट लोखंडवाला', 'क्रेजी 4', 'दिल बोले हड़िप्पा' और 'मस्त में रहने का' जैसी फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। फिल्मों के अलावा उन्होंने कई टीवी और रियलिटी शोज में हिस्सा लिया, जिनसे उनकी लोकप्रियता बढ़ी।

'राखी का स्वयंवर' में की थी सगाई

राखी की निजी जिंदगी भी लंबे समय तक सुर्खियों में रही। साल 2009 में उन्होंने रियलिटी शो 'राखी का स्वयंवर' में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने एलेश पारुजनवाला से सगाई की, लेकिन दोनों का रिश्ता शादी तक नहीं पहुंच सका।

इसके बाद राखी की जिंदगी में बिजनेसमैन रितेश सिंह आए। दोनों की शादी साल 2019 में हुई थी। रितेश के साथ राखी 'बिग बॉस 15' में भी नजर आईं। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चला और साल 2022 में दोनों अलग हो गए।

आदिल खान दुर्रानी से दूसरी शादी भी रही चर्चा में

रितेश से अलग होने के बाद राखी ने बिजनेसमैन और सोशल मीडिया पर्सनैलिटी आदिल खान दुर्रानी से शादी की। इस शादी को लेकर भी काफी विवाद और चर्चाएं हुईं। राखी ने इस रिश्ते के लिए धर्म परिवर्तन करने की बात भी सार्वजनिक रूप से कही थी।

हालांकि, यह शादी भी ज्यादा समय तक नहीं टिक पाई। साल 2022 में हुई इस शादी में 2023 की शुरुआत में दरार आ गई और दोनों अलग हो गए।

राखी सावंत का करियर और निजी जिंदगी उतार-चढ़ाव से भरी रही है। कभी फिल्मों में छोटे किरदारों से शुरुआत करने वाली राखी आज अपनी अलग पहचान और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं।