×

राजपाल यादव का बड़ा दावा- 13 साल में हुआ 200 से 250 करोड़ का निजी नुकसान, वीडियो में बोले- हर किसी का पैसा लौटाऊंगा

 

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव इन दिनों चेक बाउंस और कर्ज विवाद को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच 55 वर्षीय अभिनेता ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर बड़ा दावा किया है। न्यूज मीडिया से बातचीत में राजपाल यादव ने कहा कि पिछले 13 साल में उन्हें करीब 200 से 250 करोड़ रुपये का निजी नुकसान हुआ है। हालांकि, उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों का पैसा उनके ऊपर बकाया है, उसे वह चुकाएंगे।

राजपाल यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से 16 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने के मामले में उनके पैतृक घर की नीलामी का नोटिस जारी किए जाने की खबर सामने आई है। आर्थिक परेशानियों के बावजूद अभिनेता ने कहा कि वह अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हटेंगे।

2013 से 2016 के बीच सबसे ज्यादा नुकसान

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/YebQJufyd0c?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/YebQJufyd0c/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

राजपाल यादव ने बताया कि उनके लिए 2013 से 2016 के बीच का समय आर्थिक रूप से सबसे मुश्किल रहा। इस दौरान उन्हें विदेशों में होने वाले कई कार्यक्रम और टूर छोड़ने पड़े। अभिनेता के मुताबिक, उस दौर में उनके कम से कम 50 विदेशी टूर छूट गए।उन्होंने अपनी कमाई में आई गिरावट का उदाहरण देते हुए कहा कि जहां उन्हें 100 रुपये मिलने चाहिए थे, वहां कई बार केवल 10 रुपये ही मिले। इससे उनके आर्थिक हालात पर काफी असर पड़ा।

‘जिनका पैसा लिया है, वापस करूंगा’

कर्ज और आर्थिक विवाद को लेकर राजपाल यादव ने कहा कि वह एक जिम्मेदार व्यक्ति हैं। उन्होंने जिन लोगों से पैसे उधार लिए हैं, उन्हें वह चुका रहे हैं या जल्द चुका देंगे।अभिनेता ने कहा कि यदि उन्होंने 200 लोगों से भी पैसे उधार लिए हैं तो उनकी जिम्मेदारी है कि वह हर व्यक्ति का पैसा वापस करें। उन्होंने यह भी कहा कि वह जरूरत पड़ने पर संबंधित लोगों के घर तक जाकर उनका पैसा पहुंचाने के लिए तैयार हैं। राजपाल ने अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर कहा कि उनकी मुश्किलें उनके पूरे करियर को परिभाषित नहीं करतीं। उनके मुताबिक, पैसों की परेशानी के बावजूद लोगों के बीच उनके काम की पहचान कायम है।

‘मैं आर्ट का स्टूडेंट हूं’

राजपाल यादव ने कहा कि वह आर्ट के स्टूडेंट हैं और उनके लिए पैसे से ज्यादा अपनी कला में परफेक्शन महत्वपूर्ण है। उन्होंने संकेत दिया कि उन्होंने अपने करियर में सिर्फ आर्थिक लाभ को प्राथमिकता नहीं दी।अभिनेता ने कहा कि उनकी पहचान और मेहनत को केवल आर्थिक स्थिति के आधार पर नहीं आंका जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि कोई व्यक्ति उन्हें 5 करोड़ या 250 करोड़ रुपये में खरीद नहीं सकता। उनके लिए उनकी कला और पहचान की अपनी अलग कीमत है।

बोले- आज भी एयरपोर्ट पर लोग लेते हैं सेल्फी

राजपाल यादव ने अपनी लोकप्रियता का जिक्र करते हुए कहा कि आर्थिक परेशानियों के बावजूद लोगों का प्यार उनके साथ है। उन्होंने बताया कि आज भी जब वह एयरपोर्ट पर जाते हैं तो करीब 500 लोग उनके साथ सेल्फी लेने के लिए आते हैं।अभिनेता का कहना है कि आर्थिक उतार-चढ़ाव उनके पूरे करियर या दर्शकों के साथ उनके रिश्ते को तय नहीं कर सकते। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों को स्वीकार करते हुए बकाया रकम चुकाने का भरोसा जताया है।फिलहाल राजपाल यादव से जुड़े कर्ज और चेक बाउंस के मामलों को लेकर कानूनी प्रक्रिया जारी है। उनके पैतृक घर की नीलामी के नोटिस के बीच अभिनेता के इस बयान ने उनकी आर्थिक स्थिति और पिछले वर्षों के संघर्ष को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।