Raj Kumar Birth Anniversary: पुलिस की नौकरी छोड़ बने बॉलीवुड के दमदार सितारे, बेबाक अंदाज के लिए मशहूर थे राज कुमार
हिंदी सिनेमा के इतिहास में कुछ कलाकार ऐसे रहे हैं, जिनकी पहचान सिर्फ उनकी फिल्मों से नहीं बल्कि उनके व्यक्तित्व से भी बनी। राज कुमार उन्हीं दिग्गज अभिनेताओं में शामिल थे। उनकी भारी-भरकम आवाज, शानदार डायलॉग डिलीवरी और रौबदार अंदाज ने उन्हें बाकी कलाकारों से अलग पहचान दी। हालांकि पर्दे के अलावा भी उनका बेबाक और मुंहफट स्वभाव अक्सर चर्चा में रहता था।
राज कुमार की 100वीं जयंती के मौके पर आइए जानते हैं उनकी जिंदगी और फिल्मी करियर से जुड़े कुछ दिलचस्प किस्से।
फिल्मी दुनिया में आने से पहले पुलिस में थे राज कुमार
राज कुमार का असली नाम कुलभूषण पंडित था। उनका जन्म 8 अक्टूबर 1926 को लोरलाई में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। फिल्मों में आने से पहले उन्होंने मुंबई पुलिस में नौकरी की थी और माहिम पुलिस स्टेशन में सब-इंस्पेक्टर के पद पर काम किया।
इसी दौरान उनकी कद-काठी और व्यक्तित्व ने एक फिल्म निर्माता का ध्यान खींचा। निर्माता सोहराब मोदी ने उन्हें फिल्मों में काम करने का प्रस्ताव दिया। शुरुआत में राज कुमार ने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया, लेकिन बाद में उन्होंने पुलिस की नौकरी छोड़कर अभिनय की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया।
26 साल की उम्र में किया बॉलीवुड डेब्यू
राज कुमार ने करीब 26 साल की उम्र में फिल्म 'रंगीली' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। चार दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने करीब 70 फिल्मों में काम किया।
'मदर इंडिया', 'हमराज', 'हीर रांझा', 'सौदागर' और 'तिरंगा' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। उनकी संवाद अदायगी इतनी अलग थी कि उनके बोले हुए कई डायलॉग आज भी लोगों को याद हैं।
गोविंदा को दिया था ऐसा जवाब, रह गए थे हैरान
राज कुमार के बेबाक अंदाज से जुड़े कई किस्से फिल्म इंडस्ट्री में मशहूर हैं। 1989 की फिल्म 'जंगबाज' में उन्होंने गोविंदा के साथ काम किया था।
बताया जाता है कि एक दिन राज कुमार ने गोविंदा की शर्ट की तारीफ की। इससे खुश होकर गोविंदा ने वह शर्ट उन्हें दे दी। कुछ समय बाद गोविंदा ने देखा कि राज कुमार ने उस शर्ट को रुमाल में बदलवा लिया था और उसे अपनी जेब में रख लिया था। यह देखकर वह काफी हैरान रह गए।
अमिताभ बच्चन के सूट पर भी कर दिया था कमेंट
राज कुमार के किस्सों में अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक प्रसंग भी अक्सर सुनाया जाता है। राज कपूर की एक पार्टी में राज कुमार ने अमिताभ बच्चन के सूट की तारीफ की और फिर ऐसा कमेंट किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग चौंक गए।
बताया जाता है कि उन्होंने बिग बी के सूट को देखकर कहा था कि उन्हें भी ऐसे ही कपड़े चाहिए थे ताकि पर्दे बनवाए जा सकें। अमिताभ बच्चन ने इस टिप्पणी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और वहां से आगे बढ़ गए।
सलमान खान को भी सुनाई थी खरी-खरी
राज कुमार का एक किस्सा सलमान खान से भी जुड़ा है। 1989 में 'मैंने प्यार किया' से बतौर लीड एक्टर सलमान ने बॉलीवुड में शुरुआत की थी। फिल्म की सफलता के बाद निर्देशक सूरज बड़जात्या ने पार्टी आयोजित की थी।
इस दौरान सलमान पहली बार राज कुमार से मिले। बताया जाता है कि सलमान उन्हें पहचान नहीं पाए और उनसे पूछ बैठे कि वे कौन हैं। इस पर राज कुमार ने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा था कि पहले अपने पिता से पूछकर आओ कि हम कौन हैं।
'तिरंगा' से जुड़ा है दिलचस्प किस्सा
1993 में रिलीज हुई 'तिरंगा' राज कुमार की यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। इस फिल्म में उनके साथ नाना पाटेकर नजर आए थे। हालांकि फिल्म में नाना पाटेकर को लेने से पहले उनके किरदार के लिए रजनीकांत और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकारों से संपर्क किया गया था।
फिल्म के निर्देशक मेहुल कुमार ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि दोनों कलाकारों ने राज कुमार के साथ काम करने में रुचि नहीं दिखाई थी। बाद में नाना पाटेकर इस फिल्म का हिस्सा बने और राज कुमार के साथ उनकी जोड़ी दर्शकों को काफी पसंद आई।
दो बार मिला फिल्मफेयर अवॉर्ड
राज कुमार को 'दिल एक मंदिर' (1963) और 'वक्त' (1965) में शानदार अभिनय के लिए फिल्मफेयर के बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उनका फिल्मी सफर चार दशक से ज्यादा समय तक चला।
3 जुलाई 1996 को राज कुमार का निधन हो गया। उन्होंने 69 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। हालांकि उनके जाने के वर्षों बाद भी उनकी आवाज, संवाद बोलने का अंदाज और फिल्मों में निभाए किरदार हिंदी सिनेमा के यादगार अध्याय का हिस्सा बने हुए हैं।