×

Bollywood में धमाकेदार बायोपिक की तैयारी: ललित मोदी की लाइफ पर साजिद नाडियाडवाला बनाएंगे फिल्म

 

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व कमिश्नर और बिजनेसमैन ललित मोदी की जिंदगी अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला अपने प्रोडक्शन बैनर नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट के तहत ललित मोदी की जिंदगी पर बायोपिक बनाने की तैयारी कर रहे हैं।

ललित मोदी की जिंदगी में क्रिकेट, कारोबार, सफलता, विवाद और निजी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे मोड़ रहे हैं, जिन्होंने उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए रखा। ऐसे में उनकी कहानी को फिल्म के लिए काफी दिलचस्प माना जा रहा है।

स्क्रिप्ट और डेवलपमेंट पर चल रहा काम

पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म की स्क्रिप्ट और डेवलपमेंट पर फिलहाल काम चल रहा है। प्रोडक्शन टीम कहानी को ज्यादा से ज्यादा प्रामाणिक तरीके से तैयार करने पर जोर दे रही है। फिल्म में सिर्फ विवादों पर फोकस करने के बजाय ललित मोदी की जिंदगी और उनके सफर के अलग-अलग पहलुओं को दिखाने की तैयारी है।

इस प्रोजेक्ट की राइटिंग और डेवलपमेंट टीम में लेखिका और निर्माता स्नेहा रजानी भी शामिल हैं। ललित मोदी ने इससे पहले सोशल मीडिया के जरिए अपने जीवन पर बायोपिक बनने की जानकारी साझा की थी और बताया था कि स्नेहा रजानी इस प्रोजेक्ट की टीम का नेतृत्व कर रही हैं।

IPL से मिली पहचान, फिर विवादों में घिरे

ललित मोदी का नाम साल 2008 में शुरू हुए IPL के साथ खास तौर पर जुड़ा रहा है। उनके नेतृत्व में शुरू हुई इस टी20 लीग ने भारतीय क्रिकेट के साथ-साथ दुनिया के क्रिकेट बिजनेस का स्वरूप भी बदल दिया।

हालांकि, बाद के वर्षों में ललित मोदी कई वित्तीय आरोपों और विवादों में घिरे। उन्हें BCCI से निलंबित किया गया और बाद में वह भारत से बाहर लंदन में रहने लगे। उनकी पेशेवर जिंदगी के साथ-साथ निजी जिंदगी भी लगातार चर्चा में रही।

ललित मोदी का नाम अभिनेत्री सुष्मिता सेन के साथ रिश्ते को लेकर भी सुर्खियों में रहा है। रिश्ते को लेकर विवादों के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर सुष्मिता का बचाव करते हुए कहा था कि वह अपने खर्च खुद उठाती थीं और यहां तक कि उनके बिल भी सुष्मिता ही भरती थीं।अब इस बायोपिक में ललित मोदी का किरदार कौन सा बॉलीवुड अभिनेता निभाएगा, इसे लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।