☰
×

Pratap Movie Review: 26 एनकाउंटर करने वाला पुलिस अफसर बना कैदी, अमित साध की दमदार एक्टिंग ने जीता दिल

 

पुलिस की वर्दी पहनकर अपराधियों में खौफ पैदा करने वाला अधिकारी जब खुद जेल की सलाखों के पीछे पहुंच जाता है, तो उसकी जिंदगी किस तरह बदलती है? क्या कानून और सिस्टम का ताकतवर चेहरा भी एक दिन उसी व्यवस्था के सामने बेबस हो सकता है? अमित साध की फिल्म 'प्रताप' इसी सवाल को एक्शन, सस्पेंस और इमोशन के साथ पर्दे पर पेश करती है। फिल्म की कहानी एक ऐसे पुलिस अधिकारी की है, जिसे कभी अपराधियों के बीच अपने नाम का खौफ था, लेकिन अब उसे खुद अपनी बेगुनाही साबित करनी है।

कहानी: एनकाउंटर स्पेशलिस्ट से कैदी बनने तक का सफर

फिल्म की कहानी मुंबई के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे (अमित साध) के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रताप के नाम 26 एनकाउंटर दर्ज हैं। एक दिन वह अपनी टीम के साथ एक अपराधी को पकड़ने पहुंचता है। इसी दौरान अपराधी की हार्ट अटैक से मौत हो जाती है।

मौके पर मौजूद एक व्यक्ति इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर देता है। वीडियो वायरल होते ही प्रताप पर हत्या के आरोप लगने लगते हैं। इसके बाद उसके पुराने एनकाउंटर भी जांच के दायरे में आ जाते हैं। मामला सीबीआई और अदालत तक पहुंचता है।

कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब कभी पुलिस विभाग में दबदबा रखने वाला प्रताप खुद जेल में एक आम कैदी बन जाता है। यहां उसकी मुलाकात सख्त जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) से होती है।

जेल की चारदीवारी के भीतर प्रताप को अपने रुतबे, पहचान और सम्मान के छिनने का एहसास होता है। अब उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती खुद को बेगुनाह साबित करने और उस सिस्टम की सच्चाई सामने लाने की है, जिसका वह कभी अहम हिस्सा था।

एक्टिंग: अमित साध ने संभाली फिल्म की कमान

फिल्म का सबसे मजबूत पक्ष अमित साध का अभिनय है। उन्होंने प्रताप रानाडे के किरदार में गुस्सा, रौब, आत्मविश्वास और बेबसी जैसे अलग-अलग भावों को प्रभावी ढंग से पेश किया है।

एक तरफ उनका दबंग पुलिस अधिकारी वाला अंदाज है, तो दूसरी तरफ जेल में अपनी पहचान खो चुके इंसान का मानसिक संघर्ष। अमित साध दोनों ही रूपों में प्रभावित करते हैं।

सीमा बिस्वास जेलर मीरा सेन के किरदार में अच्छी लगती हैं। उनका सख्त और अनुशासित अंदाज किरदार को विश्वसनीय बनाता है। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी ने भी अपने अनुभव से फिल्म को मजबूती दी है। ईशा देओल का अभिनय ठीक-ठाक है। वहीं, दुष्यंत वाघ समेत बाकी कलाकारों ने भी अपनी भूमिकाओं के साथ न्याय किया है।

डायरेक्शन और तकनीकी पक्ष: दिलचस्प विषय, लेकिन रफ्तार में कमी

निर्देशक सचिन सराफ ने पुलिस व्यवस्था, राजनीतिक दबाव और जेल के भीतर की दुनिया को कहानी में शामिल किया है। एक दबंग अधिकारी के मानसिक संघर्ष को दिखाने का विचार दिलचस्प है। हालांकि, फिल्म की पटकथा कुछ जगह कमजोर पड़ती है।

कहानी के कुछ मोड़ पहले से अनुमान लगाए जा सकते हैं और कई दृश्यों में स्क्रीनप्ले अपनी रफ्तार खो देता है। जेल के भीतर का माहौल और वहां की छोटी-छोटी बारीकियां अच्छी तरह दिखाई गई हैं।

अनिल अक्की की सिनेमैटोग्राफी फिल्म के गंभीर माहौल को बनाए रखती है। हालांकि, विजुअल ट्रीटमेंट में कोई खास नयापन नजर नहीं आता। संदीप सेठी की एडिटिंग कुछ हिस्सों में और चुस्त हो सकती थी। कुल मिलाकर तकनीकी पक्ष कहानी का साथ देता है, लेकिन फिल्म को और प्रभावशाली बनाया जा सकता था।

म्यूजिक: तनाव और रोमांच को देता है सहारा

फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक कहानी के तनाव और रोमांच को बढ़ाने में मदद करता है। खासकर प्रताप के जेल के भीतर संघर्ष और टकराव वाले दृश्यों में संगीत प्रभाव पैदा करता है। हालांकि, कुछ जगह बैकग्राउंड म्यूजिक का इस्तेमाल थोड़ा कम और संतुलित होता तो बेहतर रहता।

Final Verdict: अमित साध की एक्टिंग के लिए देख सकते हैं फिल्म

'प्रताप' एक ऐसे पुलिस अधिकारी की कहानी है, जो कभी अपराधियों के लिए खौफ का दूसरा नाम था, लेकिन अब खुद अपनी ही व्यवस्था के सामने खड़ा है। फिल्म का विषय दमदार है और अमित साध का अभिनय इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

हालांकि, धीमी रफ्तार और कुछ अनुमानित घटनाक्रम दर्शकों को निराश कर सकते हैं। इसके बावजूद कलाकारों का प्रदर्शन और जेल के भीतर चलने वाला संघर्ष फिल्म को देखने लायक बनाता है।

अगर आपको पुलिस, अपराध, एनकाउंटर और सिस्टम से जुड़ी सस्पेंस-थ्रिलर फिल्में पसंद हैं, तो 'प्रताप' एक बार देखी जा सकती है।