पीएम मोदी को रिकॉर्ड कार्यकाल पर गोविंदा और उपासना सिंह ने दी बधाई, नेतृत्व और अनुशासन की सराहना
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिकॉर्ड कार्यकाल और देश के नेतृत्व में उनकी भूमिका को लेकर अभिनेत्री उपासना सिंह और अभिनेता गोविंदा ने बधाई दी है। दोनों कलाकारों ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व, अनुशासन और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सफल भविष्य की कामना की।
आईएएनएस से बातचीत के दौरान अभिनेत्री उपासना सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार वोट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से प्रभावित होकर डाला था। उनके प्रधानमंत्री बनने के बाद देश ने विकास और प्रगति की नई दिशा देखी है। उपासना ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने जिस तरह देश को संभाला है, वह सराहनीय है।
हालांकि, उपासना सिंह ने प्रधानमंत्री से एक विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि पशुओं और जंगलों की सुरक्षा उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आजकल जानवरों के साथ होने वाली क्रूरता और जंगलों की स्थिति उन्हें परेशान करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि पशुओं और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए और अधिक प्रयास किए जाएं।
उपासना ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। देश चलाना आसान काम नहीं है और किसी भी नेता की आलोचना करना आसान होता है, लेकिन इतने लंबे समय तक सफलतापूर्वक देश का नेतृत्व करना बड़ी उपलब्धि है। अभिनेत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कई ऐसे बदलाव हुए हैं, जिनकी पहले कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।
उन्होंने कहा कि राजनीति में सभी को खुश रखना संभव नहीं होता और हर नेता को आलोचनाओं का सामना करना पड़ता है। पीएम मोदी के कार्यकाल में लोगों के बीच सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, चाहे वे किसी भी धर्म या समुदाय से हों। इसलिए प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की सराहना की जानी चाहिए।
वहीं, अभिनेता गोविंदा ने भी प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें अनुशासन, समर्पण और सेवा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का व्यक्तित्व केवल एक पद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के स्वाभिमान और विश्व स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक है। प्रधानमंत्री मोदी ने जिस समर्पण और निरंतरता के साथ देश की सेवा की है, वह प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री बिना किसी रुकावट और पूरे समर्पण के साथ देश के लिए काम कर रहे हैं, जिसके लिए देशवासी उनका सम्मान करते हैं।
अभिनेता ने प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें ताकि वह आगे भी देश की सेवा करते रहें। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व देश के लिए गर्व का विषय है और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
--आईएएनएस
एमटी/एबीएम