×

पति सूरज नांबियार से तलाक की खबरों के बीच मौनी रॉय का भावुक पोस्ट, खास दोस्त को बताया अपना सब कुछ

 

मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। मौनी रॉय इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। सोशल मीडिया पर लगातार ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि मौनी और उनके पति सूरज नांबियार के रिश्ते में दूरी आ गई है। दोनों के तलाक की चर्चाओं ने इंटरनेट पर काफी हलचल मचा दी है। इसी बीच मौनी रॉय ने इंस्टाग्राम पर एक ऐसा पोस्ट साझा किया, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

दरअसल, तलाक के अफवाहों के बीच मौनी रॉय ने बुधवार सुबह अपनी दोस्त रूपाली कादयान के जन्मदिन के मौके पर कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में मौनी और रूपाली मस्ती भरे अंदाज में नजर आ रही है। इन तस्वीरों के साथ मौनी ने अपनी दोस्त के लिए बेहद प्यार भरा कैप्शन भी लिखा।

मौनी ने कैप्शन में रूपाली को अपनी 'बहन' बताया और कहा, "जन्मदिन मुबारक हो, मेरी प्यारी। रूपाली, तुम जैसी भी हो, मुझे उसी रूप में बहुत पसंद हो। मैं तुमसे कितना प्यार करती हूं, इसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। तुम एक जादूगरनी हो।"

दरअसल, इससे एक दिन पहले मौनी और सूरज नांबियार के अलग होने की खबरें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर लोगों ने नोटिस किया कि दोनों ने एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि दोनों अब साथ नहीं रह रहे हैं। हालांकि, अभी तक मौनी या सूरज की तरफ से इन खबरों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

इन खबरों के बीच सूरज नांबियार ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी बंद कर दिया। बता दें कि मौनी और सूरज ने साल 2022 में गोवा में शादी की थी। उनकी शादी मलयाली और बंगाली दोनों परंपराओं के अनुसार हुई थी। शादी की तस्वीरें और वीडियो उस समय सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुए थे और फैंस ने दोनों की जोड़ी को खूब पसंद किया था।

--आईएएनएस

पीके/पीएम