Panchayat Season 5: पंचायत 5 की रिलीज डेट जानने के लिए बनराकस ने रखी अनोखी शर्त, बोले- 1 करोड़ गेंदे के फूलों का हार पहनाओ
प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्सुकता है। हाल ही में सीरीज में बनराकस का किरदार निभाने वाले अभिनेता दुर्गेश कुमार ने एक वीडियो के जरिए बताया था कि ‘पंचायत सीजन 5’ इस साल रिलीज नहीं होगा। इस खबर से फैंस को निराशा हुई थी। हालांकि, अब बनराकस और उनकी पत्नी क्रांति देवी यानी सुनीता राजवर ने फैंस के सामने एक मजेदार शर्त रख दी है।दोनों का कहना है कि अगर फैंस उन्हें 1 करोड़ गेंदे के फूलों का हार पहनाएंगे, तभी वे पंचायत के पांचवें सीजन की रिलीज डेट का खुलासा करेंगे। इस अनोखी शर्त के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं। कई लोग जल्द से जल्द नए सीजन को लाने की मांग कर रहे हैं।
पंचायत 5 की रिलीज डेट के लिए रखी अनोखी शर्त
‘पंचायत’ के पिछले सीजन में फुलेरा की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। प्रधान जी और मंजू देवी की चुनाव में हार के बाद क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई हैं। वहीं बनराकस भी अब उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
इसी कहानी को आगे बढ़ाते हुए बनराकस और क्रांति देवी ने फैंस के लिए एक खास चैलेंज पेश किया है। इसके मुताबिक, फैंस को मिलकर नए प्रशासन को 1 करोड़ गेंदे के फूलों का हार पहनाना होगा। इस चुनौती के पूरा होने के बाद ही ‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट बताई जाएगी।
यह अनोखा चैलेंज फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इसे सीरीज के प्रमोशन का हिस्सा माना जा रहा है।
पंचायत 5 में बदलेगा फुलेरा का माहौल?
‘पंचायत सीजन 4’ के आखिरी हिस्से में दिखाया गया था कि प्रधान जी और मंजू देवी चुनाव हार जाते हैं। इसके बाद क्रांति देवी फुलेरा की नई प्रधान बनती हैं।
अब दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए प्रधान के कार्यकाल में गांव का माहौल कैसा होगा? सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी की जिंदगी में क्या नए बदलाव आएंगे? क्या बनराकस गांव की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत कर पाएंगे?
इन सभी सवालों के जवाब जानने के लिए दर्शक पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे हैं।
बनराकस के वीडियो ने बढ़ाई फैंस की बेचैनी
कुछ समय पहले दुर्गेश कुमार ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वह अपने खास अंदाज में कहते नजर आए कि ‘पंचायत सीजन 5’ इस साल नहीं आएगा। इसके बाद फैंस के बीच सीरीज की रिलीज को लेकर चर्चा तेज हो गई।
हालांकि, यह बयान सीरीज के प्रमोशन का हिस्सा था या वास्तव में रिलीज में देरी होने वाली है, इसे लेकर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
फिलहाल बनराकस और क्रांति देवी की 1 करोड़ गेंदे के फूलों वाली शर्त ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फैंस अब इंतजार कर रहे हैं कि फुलेरा की नई राजनीति के साथ ‘पंचायत 5’ कब स्क्रीन पर दस्तक देगी।