☰
×

पाकिस्तानी सीरीज पर भड़कीं पूनम पांडे, बोलीं-वॉर के वक्त भारत को कोसते थे, अब क्यों जाग गई मोहब्बत

 

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' भारत में रिलीज को लेकर विवादों में आ गई। आम जनता से लेकर मनोरंजन जगत के तमाम कलाकार इसका विरोध कर रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेत्री पूनम पांडे भी आईएएनएस संग बातचीत में इस सीरीज का विरोध करती नजर आईं।

अभिनेत्री पूनम पांडे ने आईएएनएस के साथ बातचीत में पाकिस्तानी एक्टर्स के युद्ध के दौरान भारत के बारे में दिए गए बयानों पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि पाकिस्तानी कंटेंट को उनके देश में ही दिखाया जाना चाहिए।

अभिनेत्री ने कहा, "पाकिस्तान में भी बहुत से मजेदार कलाकार हैं। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो वॉर के वक्त ऐसे बहुत सारे आर्टिस्ट ने भारत के बारे में बहुत सारी चीजें बोली थीं। तो जब वॉर चलता है, तब पाकिस्तानी कलाकार सभी के सामने हमारे बारे में इतना बुरा-भला बोलते हैं और जब उन्हें हमारी जरूरत होती है, तो मोहब्बत जाग जाती है। मुझे तो इनकी बातें समझ नहीं आती हैं, वे अपने स्टेटमेंट पर खड़े क्यों नहीं रह पा रहे हैं। अगर पाकिस्तानियों को भारत से नफरत है, तो अब भारत पर इतना प्यार क्यों आ रहा है? आज हमारे नेटफ्लिक्स की जरूरत क्यों हो गई आपको?"

पूनम पांडे ने कहा कि पाकिस्तानी कलाकार कला के नाम पर दो अलग-अलग स्टेटमेंट्स पास करते रहते हैं। उन्होंने कहा, "ये वही एक्टर्स हैं, जिन्होंने भारत के बारे में इतनी सारी उल्टी-सीधी बातें कही थीं, तो जब वे वॉर के वक्त इस तरह की वाहियात हरकतें करते हैं, ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करते हैं और अब इस देश की जरूरत क्यों पड़ रही है?आप अपना नेटफ्लिक्स अपने देश में चलाइए ना।"

बता दें कि पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' 4 दिसंबर को वैश्विक स्तर पर रिलीज होने वाली है लेकिन भारत में इसके रिलीज होने पर रोक के निर्देश दिए गए हैं। भारत के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करते हुए पाकिस्तान में बने किसी भी कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न करने का निर्देश दिया है।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम