×

OTT Release This Week: 'लस्ट स्टोरीज 3' से 'इरुमुडी' तक, इस हफ्ते नेटफ्लिक्स पर आ रही हैं 5 धांसू फिल्में

 

ओटीटी दर्शकों के लिए यह हफ्ता काफी खास रहने वाला है। नेटफ्लिक्स पर इस सप्ताह रोमांस, कॉमेडी, एक्शन, सस्पेंस और थ्रिलर से भरपूर कई फिल्में और सीरीज दस्तक देने जा रही हैं। अगर आप घर बैठे कुछ नया देखने का प्लान बना रहे हैं तो नेटफ्लिक्स की यह लिस्ट आपके काम की हो सकती है।

इस सप्ताह 'लस्ट स्टोरीज 3', 'इरुमुडी', 'स्ट्रेंजर थिंग्स: टेल्स फ्रॉम '85' सीजन 2, 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट' और 'द स्कैंडल' जैसी फिल्में और सीरीज रिलीज होने वाली हैं।

Lust Stories 3

सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाली रिलीज में से एक 'लस्ट स्टोरीज 3' है। यह एक एंथोलॉजी फिल्म है, जिसमें चार अलग-अलग कहानियां देखने को मिलेंगी।

फिल्म के चार हिस्सों का निर्देशन किरण राव, विक्रमादित्य मोटवाने, शकुन बत्रा और विशाल भारद्वाज ने किया है। इसमें राधिका आप्टे, कोंकणा सेन शर्मा, विजय वर्मा, अली फजल और अदिति राव हैदरी जैसे कलाकार नजर आएंगे।

'लस्ट स्टोरीज 3' 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।

इरुमुडी

रवि तेजा की तेलुगु एक्शन-ड्रामा फिल्म 'इरुमुडी' भी अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद फिल्म को डिजिटल रिलीज के लिए तैयार किया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया है। अब दर्शक इसे घर बैठे देख सकेंगे।

'इरुमुडी' 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। फिल्म तेलुगु के अलावा तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में भी उपलब्ध होगी।

Stranger Things: Tales From '85 Season 2

'स्ट्रेंजर थिंग्स' के फैंस के लिए भी इस सप्ताह बड़ा तोहफा है। एनिमेटेड स्पिन-ऑफ 'Stranger Things: Tales From '85' का दूसरा और आखिरी सीजन 17 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा।

नई कहानी पहले सीजन में हुई घटनाओं के बाद आगे बढ़ेगी। हॉकिन्स में हालात सामान्य होने लगते हैं, लेकिन जल्द ही अजीब घटनाएं और नए खतरों के सामने आने से युवा इन्वेस्टिगेटर्स की मुश्किलें फिर बढ़ जाती हैं।

Best of the Best

अगर आपको कॉमेडी, दोस्ती और डांस से जुड़ी फिल्में पसंद हैं तो 'Best of the Best' आपके लिए अच्छा विकल्प हो सकती है।

फिल्म की कहानी बचपन की दो दोस्त माया और अंजली के इर्द-गिर्द घूमती है। दोनों UCLA में एक बॉलीवुड-फ्यूजन डांस टीम का हिस्सा बनती हैं। इस दौरान दोस्ती, प्रतियोगिता और अपनी पहचान बनाने की उनकी कोशिश कहानी को आगे बढ़ाती है।

फिल्म में मैत्रेयी रामकृष्णन माया और प्रियंका केडिया अंजली के किरदार में नजर आएंगी। वहीं कॉमेडियन हसन मिन्हाज उनके कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

'Best of the Best' का प्रीमियर 18 सितंबर को नेटफ्लिक्स पर होगा।

The Scandal

कोरियन ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी नेटफ्लिक्स पर इस हफ्ते खास रिलीज है। साउथ कोरियन पीरियड रोमांस ड्रामा 'The Scandal' 18 सितंबर को रिलीज होगा।

कहानी जोसियन राजवंश के दौर में सेट है, जहां तीन किरदारों के बीच प्यार, आकर्षण, साजिश और चालबाजी का खतरनाक खेल देखने को मिलता है।

यानी इस सप्ताह नेटफ्लिक्स पर हर तरह के दर्शकों के लिए कुछ न कुछ मौजूद रहेगा। रोमांस से लेकर एक्शन, कॉमेडी और रहस्य तक, 17 और 18 सितंबर की ये रिलीज ओटीटी लवर्स के लिए काफी खास रहने वाली हैं।