Teachers Day पर बॉलीवुड स्टार्स ने जताया गुरुओं का आभार, सोशल मीडिया पर शेयर कीं दिल छू लेने वाली यादें
आज 5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस मनाया जा रहा है. इस खास दिन पर लोग अपने जीवन में अहम भूमिका निभाने वाले शिक्षकों और गुरुओं को याद कर रहे हैं. बॉलीवुड के सितारे भी इस मौके पर अपने गुरुओं को नहीं भूले. कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए अपने टीचर्स के प्रति सम्मान और आभार जाहिर किया.
किसी ने अपने गुरु को अपना रोल मॉडल बताया, तो किसी ने उनके साथ बिताए अनुभवों को याद करते हुए बताया कि उनसे जिंदगी और करियर में क्या सीखा.
हर्षवर्धन राणे ने गुरुओं के साथ शेयर की तस्वीरें
एक्टर हर्षवर्धन राणे ने भी शिक्षक दिवस के मौके पर उन लोगों को याद किया, जिन्होंने उनके करियर को दिशा देने के साथ-साथ उन्हें बेहतर इंसान बनने में मदद की.
हर्षवर्धन ने इंस्टाग्राम पर कई तस्वीरें साझा कीं. पहली तस्वीर में वह एक्टर और प्रोड्यूसर जॉन अब्राहम के साथ नजर आए. दूसरी तस्वीर में फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा दिखाई दिए, जबकि तीसरी फोटो में हर्षवर्धन एक्टिंग कोच सौरभ सचदेवा के साथ पोज देते नजर आए.
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए अभिनेता ने अपने गुरुओं के प्रति आभार जताया. उन्होंने लिखा कि वह अपने इन शिक्षकों और गॉडफादर्स से लगातार सीख रहे हैं और उनका मानना है कि इंसान को बस काम करते रहना चाहिए.
राजा मुराद ने शत्रुघ्न सिन्हा को बताया अपना गुरु
दिग्गज अभिनेता राजा मुराद ने भी शिक्षक दिवस के अवसर पर शत्रुघ्न सिन्हा को याद किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर शत्रुघ्न सिन्हा के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की और उन्हें अपना गुरु बताते हुए एक भावुक नोट लिखा.
राजा मुराद ने बताया कि शत्रुघ्न सिन्हा पुणे स्थित FTII में उनके सीनियर रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा शत्रुघ्न सिन्हा को अपना शिक्षक माना और उनसे एक आत्मविश्वासी अभिनेता बनने के साथ-साथ बेबाक अंदाज और एक अच्छा इंसान बनने की प्रेरणा ली.
अपने पोस्ट में राजा मुराद ने शत्रुघ्न सिन्हा के व्यक्तित्व की भी जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा कैमरे के सामने और कैमरे के पीछे, दोनों जगह अपने व्यक्तित्व की अलग छाप छोड़ते हैं.
शत्रुघ्न सिन्हा के सेंस ऑफ ह्यूमर की भी तारीफ
राजा मुराद ने अपने नोट में शत्रुघ्न सिन्हा के ह्यूमर की भी तारीफ की. उन्होंने लिखा कि उनका सेंस ऑफ ह्यूमर शानदार है और वह अपनी बातों से किसी को भी हंसा सकते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि शत्रुघ्न सिन्हा ऐसे हिंदी फिल्म अभिनेता रहे हैं, जिनके अंदाज और अभिनय की नकल कई दक्षिण भारतीय सितारों ने की है.
पोस्ट के आखिर में राजा मुराद ने अपने गुरु और दोस्त शत्रुघ्न सिन्हा के लिए अच्छी सेहत और लंबी उम्र की कामना की. शिक्षक दिवस के मौके पर दोनों कलाकारों की यह श्रद्धांजलि दिखाती है कि फिल्म इंडस्ट्री में भी गुरु-शिष्य का रिश्ता आज तक खास बना हुआ है.