OM Box Office Collection: चौथे दिन ‘ओम’ की कमाई में 61% की गिरावट, फिर भी वर्ल्डवाइड कलेक्शन में ‘कुबेरा’ को छोड़ा पीछे
धनुष, ममूटी और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘ओम’ ने सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत की थी। ओपनिंग वीकेंड पर फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला और इसने बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाई। हालांकि, सोमवार यानी वर्किंग डे पर इसकी कमाई की रफ्तार धीमी पड़ गई। रिलीज के चौथे दिन फिल्म के कलेक्शन में करीब 61 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में फिल्म ने धनुष की पिछली रिलीज ‘कुबेरा’ को पीछे छोड़ दिया है।
‘ओम’ का चौथे दिन का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी ‘ओम’ को लेकर रिलीज से पहले ही काफी चर्चा थी। इसकी एक बड़ी वजह धनुष और ममूटी का पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करना भी है। फिल्म ने सिनेमाघरों में 18.10 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग की थी।
दूसरे दिन फिल्म ने 15.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जबकि तीसरे दिन यानी रविवार को इसकी कमाई 15.90 करोड़ रुपये रही। लेकिन 23 नवंबर को पहले सोमवार के मौके पर कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखने को मिली।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने चौथे दिन 6.20 करोड़ रुपये की कमाई की। इसमें अलग-अलग भाषाओं का योगदान इस प्रकार रहा:
- तमिल वर्जन: 4.10 करोड़ रुपये
- तेलुगु वर्जन: 1.75 करोड़ रुपये
- हिंदी वर्जन: 35 लाख रुपये
फिल्म की भारत में कुल ग्रॉस कमाई 64.90 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं, विदेशों में इसका ग्रॉस कलेक्शन 28.50 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। सोमवार को ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 1.50 करोड़ रुपये कमाए। इस तरह इसका कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 93.40 करोड़ रुपये हो गया है।
‘कुबेरा’ से आगे निकली धनुष की ‘ओम’
‘ओम’ ने चार दिनों की वर्ल्डवाइड कमाई के मामले में धनुष की फिल्म ‘कुबेरा’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘कुबेरा’ ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार, 23 जून 2025 को भारत में 6.80 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। वहीं, चार दिनों में इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 87.59 करोड़ रुपये रहा था।
इसके मुकाबले ‘ओम’ ने चार दिनों में दुनियाभर से 93.40 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार कर लिया है। इस तरह शुरुआती चार दिनों की वर्ल्डवाइड कमाई में यह फिल्म ‘कुबेरा’ से आगे निकल गई है।
क्या है ‘ओम’ की कहानी और कौन-कौन है स्टार कास्ट में?
‘ओम’ को राजकुमार पेरियासामी ने लिखा और निर्देशित किया है। इससे पहले वह ‘अमरन’ जैसी चर्चित फिल्म का निर्देशन कर चुके हैं। इस फिल्म में धनुष पलानीवेल नाम के अंडरकवर ऑपरेटिव की भूमिका निभा रहे हैं। उनका किरदार कानून लागू करने वाली एजेंसियों और एक ताकतवर आपराधिक नेटवर्क के बीच चल रहे संघर्ष में उलझ जाता है।
वहीं, ममूटी फिल्म में बर्मा कार्तिकेयन और साई पल्लवी नित्या रेड्डी के किरदार में नजर आ रही हैं। इसके अलावा श्रीलीला और नसीरुद्दीन शाह भी अहम भूमिकाओं में हैं। अब देखना होगा कि वीकडेज की गिरावट के बाद फिल्म आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितनी मजबूत वापसी कर पाती है।