☰
×

सर्जरी के बाद नुसरत भरूचा ने शेयर किया अपना हेल्थ अपडेट: अस्पताल के बेड से दिखाई दर्द भरी झलक

 

बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। बाली में हुए हादसे के बाद एक्ट्रेस की रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई है। सर्जरी के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना पहला हेल्थ अपडेट शेयर किया है। सामने आए वीडियो में नुसरत कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं। उनके हाथों में ड्रिप्स लगी हैं और अस्पताल की नर्स उन्हें खाना खिला रही है।नुसरत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर यह वीडियो शेयर किया। वीडियो में वह टीवी पर शाहरुख खान और काजोल का गाना देखती दिखाई दे रही हैं। उनकी इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं और जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।

सनसेट की तस्वीर शेयर कर दिया भावुक संदेश

इससे पहले नुसरत ने अस्पताल की खिड़की के पास रखी एक खाली रिक्लाइनिंग व्हीलचेयर की तस्वीर शेयर की थी। तस्वीर में दूर सूर्यास्त का खूबसूरत नजारा दिखाई दे रहा था।इसके साथ एक्ट्रेस ने लिखा, 'हमेशा से सनसेट का पीछा करती रही हूं, और अचानक मेरा नजारा बदल गया। लेकिन, पिक्चर अभी बाकी है मेरे दोस्त।'उनके इस संदेश को जिंदगी में मुश्किलों के बावजूद हिम्मत बनाए रखने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

बाली में हुआ था हादसा, रीढ़ की हड्डी में आया फ्रैक्चर

नुसरत भरूचा काम और छुट्टियां बिताने के लिए बाली गई थीं। इसी दौरान वह एक हादसे का शिकार हो गईं, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया था।एक्ट्रेस की टीम की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बेहतर इलाज के लिए उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाया गया था। इसके बाद उनका इलाज किया गया और रीढ़ की हड्डी की सर्जरी हुई।

पहले भी शूटिंग के दौरान घायल हो चुकी हैं नुसरत

नुसरत भरूचा के साथ इससे पहले भी शूटिंग के दौरान हादसे हो चुके हैं।अप्रैल 2023 में फिल्म 'अकेली' की शूटिंग के दौरान एक सीन में भागते समय वह संगमरमर के फर्श पर सिर के बल गिर गई थीं। इस हादसे के बाद उन्हें काफी दर्द हुआ था। डॉक्टरों ने जांच के बाद कुछ दिन आराम करने की सलाह दी थी।वहीं, जनवरी 2023 में फिल्म 'छोरी 2' के एक एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान उनके चेहरे और भौंह के पास चोट लग गई थी। चोट के कारण उन्हें टांके लगवाने पड़े थे।

2021 में भी बिगड़ गई थी तबीयत

अगस्त 2021 में भी शूटिंग के दौरान नुसरत की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उस समय वह लगातार कई दिनों से काम कर रही थीं। एक दिन उन्हें तेज चक्कर आने लगे और उनके लिए ठीक से खड़ा होना और बात करना भी मुश्किल हो गया था।इसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस दौरान उनका ब्लड प्रेशर 65/55 तक गिर गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद इसे गंभीर वर्टिगो अटैक बताया था। इलाज के बाद उन्हें आराम करने की सलाह दी गई थी और फिल्म की शूटिंग भी रोकनी पड़ी थी।फिलहाल, बाली हादसे के बाद नुसरत के स्वास्थ्य को लेकर उनके प्रशंसक लगातार दुआ कर रहे हैं। सभी को उम्मीद है कि एक्ट्रेस जल्द स्वस्थ होकर अपने काम पर लौटेंगी।