नोरा फतेही पर 3 करोड़ की मानहानि का मुकदमा, वीडियो में जाने एविएशन कंपनी का आरोप- ‘टॉय प्लेन’ कहकर छवि खराब की
बॉलीवुड एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही कानूनी विवाद में घिर गई हैं। एक एविएशन कंपनी ने उनके खिलाफ 3 करोड़ रुपए का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी का आरोप है कि नोरा के सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणियों से उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है।यह मामला गुजरात के गांधीनगर कोर्ट में दायर किया गया है। ड्यून्स एविएशन नाम की कंपनी ने नोरा फतेही के खिलाफ यह याचिका दाखिल की है। कंपनी ने उनके कमेंट्स को ‘अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना’ बताते हुए कहा है कि इससे लोगों के बीच कंपनी की छवि प्रभावित हुई है।
विमान को बताया था ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’
ड्यून्स एविएशन के मुताबिक, नोरा फतेही ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक चार्टर्ड प्लेन का वीडियो शेयर किया था। कंपनी का दावा है कि इस वीडियो में एक्ट्रेस ने विमान को ‘छोटा’, ‘टॉय’ और ‘लेगो एयरप्लेन’ बताया था।कंपनी का कहना है कि इस तरह की टिप्पणियों से विमान की गुणवत्ता और कंपनी की सेवाओं को लेकर गलत धारणा बन सकती है। इसी वजह से कंपनी ने नोरा से सार्वजनिक रूप से सफाई मांगने की भी मांग की है।
सोशल मीडिया से कंटेंट हटाने की मांग
मुकदमे में ड्यून्स एविएशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से नोरा फतेही द्वारा विमान से जुड़े सभी बयान और संबंधित कंटेंट हटाने की मांग की है।कंपनी का कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट्स का असर बड़े स्तर पर होता है और ऐसे बयानों से व्यवसाय की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंच सकता है।
मुंबई-जयपुर उड़ान के दौरान बनाया था वीडियो
कंपनी की ओर से दायर मुकदमे के अनुसार, यह मामला पिछले साल दिसंबर का है। नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर की उड़ान के दौरान सेसना साइटेशन CJ2 विमान के अंदर वीडियो रिकॉर्ड किए थे।इन वीडियो में उन्होंने विमान को लेकर कुछ टिप्पणियां की थीं, जिन्हें कंपनी ने आपत्तिजनक बताया है।
25 सितंबर को होगी सुनवाई
इस मामले की सुनवाई सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल की अदालत में होगी। कोर्ट ने सुनवाई के लिए 25 सितंबर की तारीख तय की है।फिलहाल नोरा फतेही की ओर से इस मुकदमे को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की नजर कोर्ट की अगली सुनवाई और दोनों पक्षों की दलीलों पर टिकी है।