×

नेहा धूपिया का खुलासा: यशराज स्टूडियो में शूटिंग के दौरान शुरू हो गया था लेबर पेन

 

मुंबई, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्रियों के लिए मां बनना सिर्फ एक निजी अनुभव नहीं होता, बल्कि इसके साथ कई जिम्मेदारियां और चुनौतियां भी जुड़ी होती हैं। खासकर तब, जब करियर और परिवार दोनों को साथ लेकर चलना हो। इसी कड़ी में नेहा धूपिया ने अपनी प्रेग्नेंसी के दौरान काम को लेकर अपने अनुभव को साझा किया है।

दरअसल, हाल ही में नेहा धूपिया, परिणीति चोपड़ा के नए टॉक शो 'मॉम टॉक्स ' में नजर आईं। इस शो में सेलेब्स अपने पेरेंटिंग अनुभव साझा करते हैं। शो के दौरान नेहा ने अपनी प्रेग्नेंसी के समय का एक ऐसा अनुभव बताया, जिसने सभी को हैरान कर दिया। उन्होंने बताया कि वे अपने काम को लेकर इतनी समर्पित थीं कि प्रेग्नेंसी के आखिरी समय तक काम करती रहीं।

नेहा धूपिया ने कहा, ''मैंने करीब साढ़े आठ महीने की प्रेग्नेंसी तक काम किया। मैं चाहती थी कि मां बनने के बाद भी मेरा काम जारी रहे और मैं जल्द ही अपने प्रोफेशन में वापस लौट सकूं। मुझे शूटिंग के दौरान ही लेबर पेन शुरू हो गए थे। यह सब यशराज स्टूडियो में हुआ, जहां मैं काम कर रही थी। यह अनुभव मेरे लिए काफी अलग और यादगार रहा।''

शो में नेहा धूपिया ने कहा, ''एक कामकाजी मां के लिए सबसे बड़ी चुनौती समाज की उम्मीदें होती हैं। मां बनने के बाद भी एक महिला को अपने सपनों और काम को जारी रखने का पूरा अधिकार है। मां बनने के बाद जिंदगी पूरी तरह बदल जानी चाहिए, ऐसा जरूरी नहीं है। महिलाओं को खुद तय करना चाहिए कि वे अपनी जिंदगी कैसे जीना चाहती हैं।''

नेहा ने कहा, "मां बनने के बाद काम और परिवार के बीच संतुलन बनाना आसान नहीं होता, लेकिन अगर इच्छाशक्ति मजबूत हो, तो यह संभव है। आज की महिलाएं पहले से ज्यादा आत्मनिर्भर हैं और वे अपने फैसले खुद लेना जानती हैं। ऐसे में जरूरी है कि उन्हें समाज से भी पूरा सहयोग मिले, ताकि वे बिना किसी दबाव के अपने करियर और परिवार दोनों को संभाल सकें।"

नेहा धूपिया की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 10 मई 2018 को अभिनेता अंगद बेदी से शादी की थी। कपल के दो बच्चे हैं, बेटी मेहर धूपिया बेदी और बेटा गुरिक सिंह धूपिया बेदी। नेहा अक्सर अपने बच्चों और परिवार के साथ बिताए गए पलों को सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं।

--आईएएनएस

पीके/पीएम