नकुल मेहता ने बेटे के लिए इमोशनल नोट लिखा, बोले- 'सूफी, तुमने मुझे बेहतर इंसान बनाया'
मुंबई, 3 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता नकुल मेहता इन दिनों अपनी वेब सीरीज 'स्पेस जेन: चंद्रयान' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। यह सीरीज भारत के चंद्रयान मिशन से प्रेरित है। इस बीच, नकुल ने अपने बेटे सूफी के लिए प्यारा सा पोस्ट शेयर किया।
नकुल ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इसमें वे अपने बेटे सूफी के साथ हंसते-खेलते नजर आ रहे हैं, तो कुछ में उनकी पत्नी सूफी को गोद में लिए मुस्कुरा रही हैं। अभिनेता ने पोस्ट के साथ सूफी के प्रति अपनी भावनाओं को खूबसूरती से बयां किया है।
नकुल ने लिखा, "प्यारे सूफी, जब से तुम मेरी जिंदगी में आए हो, सब कुछ बदल गया है। ऐसा नहीं है कि तुम्हारी मम्मा और मुझे पहले खुशी, प्यार और मस्ती का मतलब पता नहीं था, लेकिन तुम्हारे साथ हमने और खासकर मैंने खुद को और बेहतर तरीके से समझना सीखा है।"
उन्होंने लिखा, "तुमसे हमने सीखा कि अपने डर और परतों को कैसे छोड़ना है, हर इंसान और हर चीज के बारे में जिज्ञासु कैसे रहना है, दुनिया को और ज्यादा प्यार देना है, और सच्ची खुशी और गहरे दुख दोनों को महसूस करना है।"
नकुल ने लिखा, "पांच साल तुम्हारे साथ-साथ बड़े होते हुए, तुम्हारे साथ हंसते-खेलते, तुम्हारे मुश्किल पलों से निकलते, और हर पल ज्यादा मौजूद और बेहतर इंसान बने हैं, और ऐसा सिर्फ तुम्हारी वजह से हुआ है।"
सूफी अब पांच साल के हो चुके हैं और उनके घर में दूसरा मेहमान भी आ चुका है। साल 2025 में नकुल और उनकी पत्नी जानकी ने बेटी का स्वागत किया था।
अभिनेता हाल ही में सीरीज 'डू यू वाना पार्टनर' में नजर आए थे। इसमें तमन्ना और डायना पेंटी भी थीं। इसके अलावा, अभिनेता की सीरीज 'स्पेस जेन: चंद्रयान' 23 जनवरी को स्ट्रीम की गई थी। यह सीरीज चंद्रयान-2 की विफलता से चंद्रयान-3 की सफलता तक इसरो के सफर को दर्शाती है। फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
--आईएएनएस
एनएस/एबीएम