बेस्ट कॉमेडी फिल्मों की तलाश खत्म! जियो हॉटस्टार पर मौजूद ये 5 फिल्में आपके वीकेंड को बना देंगी फुल ऑन फनी, अभी करे बिंजवॉच
ओटीटी के ज़माने में फिल्मों और वेब सीरीज़ की कोई कमी नहीं है। यह बस दर्शक के मूड पर निर्भर करता है कि वह क्या देखना चाहता है और क्या नहीं। लेकिन एक जॉनर सदाबहार है और वह है कॉमेडी। जियो हॉटस्टार पर कई कॉमेडी फ़िल्में उपलब्ध हैं। 90 के दशक से लेकर अब तक, कई कॉमेडी फ़िल्में जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध हैं, जिनमें से हम आपके लिए 5 बेहतरीन कॉमेडी फ़िल्में लेकर आए हैं, जिन्हें देखने के बाद आप ज़ोर-ज़ोर से हंसेंगे। तो चलिए बिना देर किए आपको इन 5 फ़िल्मों के बारे में बताते हैं।
ये हैं जियो हॉटस्टार पर मौजूद 5 बेहतरीन कॉमेडी फ़िल्में
सन ऑफ़ सरदार: अजय देवगन इन दिनों सन ऑफ़ सरदार 2 में व्यस्त हैं। अगर आपने इसका पहला भाग नहीं देखा है, तो इसके लिए आपको जियो हॉटस्टार का रुख़ करना होगा। 'सन ऑफ़ सरदार' साल 2012 में रिलीज़ हुई थी। यह अश्विनी धीर द्वारा निर्देशित एक एक्शन कॉमेडी फ़िल्म है। इसमें अजय देवगन, संजय दत्त, सोनाक्षी सिन्हा, जूही चावला समेत कई सितारे नज़र आए थे। सन ऑफ़ सरदार मूल रूप से तेलुगु फ़िल्म मर्यादा रमन्ना की रीमेक थी। सन ऑफ़ सरदार, यशराज फ़िल्म्स की फ़िल्म 'जब तक है जान' के साथ रिलीज़ हुई थी। इस कड़ी टक्कर के बावजूद, अजय देवगन की फ़िल्म ने अच्छी कमाई की और बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही।
बधाई हो: अगर आप हल्की-फुल्की कॉमेडी फ़िल्म देखना चाहते हैं, तो आयुष्मान खुराना और नीना गुप्ता की 'बधाई हो' देख सकते हैं, जिसका निर्देशन अमित रविंद्रनाथ शर्मा ने किया था। आयुष्मान और नीना गुप्ता के अलावा, इस फ़िल्म में गजराव राव, सुरेखा सीकरी, शार्दुल राणा और सान्या मल्होत्रा भी थे। यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही और अब जियो हॉटस्टार पर उपलब्ध है। फ़िल्म की कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार की है। जहाँ नीना गुप्ता ने एक गर्भवती महिला की भूमिका निभाई थी। इस फ़िल्म के लिए सुरेखा सीकरी को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था।
ढोल फ़िल्म: साल 2007 में आई 'ढोल' अब तक की सबसे बेहतरीन कॉमेडी फ़िल्मों में से एक मानी जाती है। जिसका हर डायलॉग लोगों की जुबान पर है। इस फिल्म का पंच और कॉमेडी इतनी जबरदस्त थी कि इस फिल्म को बार-बार देखा जा सकता है। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी कॉमेडी थ्रिलर फिल्म ढोल में तुषार कपूर, शरमन जोशी, कुणाल खेमू, राजपाल यादव, तनुश्री दत्ता और ओम पुरी जैसे सितारे नजर आए थे। यह मलयालम फिल्म हरिहर नागर का रीमेक है। हालांकि इस फिल्म का रीमेक हिंदी में फिल्म पर्दा है पर्दा के जरिए पहले ही बन चुका है। हालांकि, ढोल को सबसे ज्यादा सफलता मिली। आप इसका आनंद जियो हॉटस्टार पर भी ले सकते हैं।
गोलमाल: गोलमाल एक ऐसी फिल्म है जिसने अजय देवगन के करियर को एक नया मोड़ दिया। इससे पहले अजय देवगन लगातार रोमांटिक से लेकर गंभीर भूमिकाएं करते नजर आए हैं। लेकिन रोहित शेट्टी की गोलमाल के बाद अजय देवगन को एक कॉमेडी हीरो के तौर पर भी देखा जाने लगा। फिर वह टोटल धमाल से लेकर सन ऑफ सरदार जैसी कई कॉमेडी फिल्मों में नजर आए। गोलमाल के अब तक तीन सीक्वल आ चुके हैं। पहला गोलमाल फन अनलिमिटेड 2006 में आया था जिसमें अरशद वारसी, तुषार कपूर, संजय मिश्रा और मुकेश तिवारी जैसे सितारे नज़र आए थे। यह फिल्म सुपरहिट रही और अब ओटीटी जियो हॉटस्टार पर भी उपलब्ध है।
हाउसफुल: हाउसफुल फ्रैंचाइज़ी के अब तक 5 सीक्वल आ चुके हैं। इसके ज़्यादातर भाग हिट रहे हैं। इस फ्रैंचाइज़ी की शुरुआत साल 2010 में हुई थी। पहला हाउसफुल सुपरहिट रहा था जिसमें अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, चंकी पांडे समेत कई सितारे नज़र आए थे। पहले दो सीक्वल का निर्देशन साजिद खान ने किया था जबकि हाउसफुल 3 को साजिद-फरहाद ने और हाउसफुल 4 को फरहाद सामजी ने बनाया था। अगर आप हाउसफुल देखना चाहते हैं तो इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।