गीतकार जावेद अख्तर को मिली धमकी, इस बयान से बढ़ा विवाद
बॉलीवुड के प्रख्यात गीतकार जावेद अख्तर मुखर स्वभाव के हैं। उन्होंने हाल ही में एक ऐसा बयान दिया है जिसकी वजह से वो सुर्खियों में बने हुए हैं। आपको बता दें कि हाल ही में जावेद अख्तर भोपाल के एक इवेंट में गए हुए थे इस दौरान उन्होंने बुर्के और घूंघट पर प्रतिबंध लगाने को लेकर एक बयान दिया था। इसके बाद से वो विवादों के घर में आ गए हैं। वहीं जावेद अख्तर के इस बयान से करणी सेना के प्रमुख जीवन सिंह सोलंकी ने वीडियो जारी किया है और उन्हें धमकी दी हैं।
वायरल हो रहे 45 सेकंड के वीडियो में सोलंकी ने कहा कि, जावेद को अपनी मर्यादा समझनी चाहिए। राजस्थान जैसे राज्य की संस्कृति पर उंगली ना उठाएं या तो जावेद अख्तर तीन दिन के अंदर इस बयान पर माफी मांग लें या फिर करणी सेना का विरोध सहने के लिए तैयार हो जाएं।
आपको बता दें कि जावेद अख्तर ने श्रीलंका आतंकी हमले के बाद बुर्के पर हुए बैन को लेकर यह बात कही थी। उन्होंने इवेंट में कहा था कि, ‘श्रीलंका में बुर्के पर प्रतिबंध नहीं लगा, बल्कि चेहरा ढकने पर प्रतिबंध लगा है। अगर भारत में बुर्के पर प्रतिबंध लगता है तो केंद्र सरकार राजस्थान में मतदान से पहले घूंघट पर प्रतिबंध लगाए, मुझे खुशी होगी अगर घूंघट और बुर्का दोनों ही नहीं होंगे।’