×

Mirzapur The Movie Box Office: मिर्जापुर द मूवी ने पहले दिन मचाया भौकाल, 24.75 करोड़ की दमदार ओपनिंग; A-रेटेड फिल्मों में चौथे नंबर पर
 

 

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 'मिर्जापुर द मूवी' 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या लोकप्रिय वेब सीरीज की कहानी और किरदारों को देखने के लिए दर्शक सिनेमाघरों का रुख करेंगे? फिल्म के पहले दिन के आंकड़ों ने इस सवाल का जवाब काफी हद तक दे दिया है।
'मिर्जापुर द मूवी' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है। रिलीज से पहले ही एडवांस बुकिंग में फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और सिनेमाघरों में रिलीज के बाद भी दर्शकों की भीड़ देखने को मिली।
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 'मिर्जापुर द मूवी' ने ओपनिंग डे पर करीब 24.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।
भाषा के हिसाब से देखें तो फिल्म ने हिंदी वर्जन से लगभग 24.60 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तेलुगु वर्जन से करीब 15 लाख रुपये का कलेक्शन हुआ।
फिल्म के डायलॉग्स, स्टार कास्ट की एक्टिंग और क्लाइमेक्स को लेकर सोशल मीडिया पर भी दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। हालांकि, तीन घंटे से ज्यादा की लंबाई कुछ दर्शकों को जरूर खली है, लेकिन इसका असर शुरुआती कमाई पर खास नहीं पड़ा।
साल की बड़ी ओपनिंग फिल्मों में शामिल
24.75 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ 'मिर्जापुर द मूवी' इस साल की तीसरी सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
इसके अलावा A-रेटेड फिल्मों की बात करें तो फिल्म ने ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में चौथा स्थान हासिल किया है। इसने 'सत्यमेव जयते', 'कबीर सिंह', 'कॉकटेल 2' और 'बागी 4' जैसी फिल्मों की पहले दिन की कमाई को पीछे छोड़ दिया है।
टॉप A-रेटेड ओपनिंग वाली फिल्मों की लिस्ट
1.    धुरंधर 2 – 145 करोड़ रुपये
2.    एनिमल – 63.8 करोड़ रुपये
3.    धुरंधर – 28.6 करोड़ रुपये
4.    मिर्जापुर द मूवी – 24.75 करोड़ रुपये
5.    सत्यमेव जयते – 20.52 करोड़ रुपये
6.    कबीर सिंह – 20.21 करोड़ रुपये
7.    कॉकटेल 2 – 14.10 करोड़ रुपये
8.    बागी 4 – 13.2 करोड़ रुपये
9.    ग्रैंड मस्ती – 12.5 करोड़ रुपये
10.    वीरे दी वेडिंग – 10.7 करोड़ रुपये
फिल्म में पुराने चेहरों के साथ नए ट्विस्ट
'मिर्जापुर द मूवी' का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले पुनीत कृष्णा ने तैयार किया है। फिल्म का निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
फिल्म की स्टार कास्ट में अली फजल, पंकज त्रिपाठी, दिव्येंदु, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी और जितेंद्र कुमार जैसे कलाकार शामिल हैं।
बबलू पंडित के किरदार में दिखे जितेंद्र कुमार
फिल्म की सबसे चर्चित कास्टिंग में से एक जितेंद्र कुमार की है। वह फिल्म में बबलू पंडित के किरदार में नजर आ रहे हैं। 'मिर्जापुर' सीरीज में इस किरदार को विक्रांत मैसी ने निभाया था।
वहीं, रवि किशन भी फिल्म में एक नए किरदार के साथ दिखाई दे रहे हैं। पुराने लोकप्रिय चेहरों और नए किरदारों के इस मिश्रण ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
क्या आगे भी जारी रहेगा बॉक्स ऑफिस का भौकाल?
पहले दिन 24.75 करोड़ रुपये की शुरुआत 'मिर्जापुर द मूवी' के लिए निश्चित तौर पर मजबूत संकेत है। खासकर तब, जब यह फिल्म एक लोकप्रिय वेब सीरीज की दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर आई है।
अब फिल्म की असली परीक्षा वीकेंड पर होगी। अगर शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या में और इजाफा होता है, तो 'मिर्जापुर द मूवी' बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा आंकड़ा खड़ा कर सकती है।