Mirzapur The Movie Box Office: रविवार को भी छाया ‘मिर्जापुर’, तीसरे दिन कमाए 36 करोड़,बॉक्स ऑफिस पर बना बड़ा रिकॉर्ड
ओटीटी पर अपनी धाक जमाने के बाद ‘मिर्जापुर’ ने अब सिनेमाघरों में भी अपना जलवा कायम कर लिया है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है और रिलीज के साथ ही फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को अच्छी शुरुआत करने के बाद शनिवार को कलेक्शन बढ़ा और रविवार की छुट्टी का फिल्म को जबरदस्त फायदा मिला।
तीसरे दिन 36 करोड़ की कमाई
‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर 25.50 करोड़ रुपये के साथ ओपनिंग की थी। इसके बाद शनिवार को फिल्म ने रफ्तार पकड़ते हुए करीब 32 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
अब तीसरे दिन यानी रविवार के शुरुआती आंकड़े भी सामने आ गए हैं। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को करीब 36 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है।
इस तरह तीन दिनों में फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई 93.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 112.35 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
संडे कलेक्शन में टॉप फिल्मों की लिस्ट में शामिल
रविवार की शानदार कमाई के साथ ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिल्म अब साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के फर्स्ट संडे कलेक्शन की लिस्ट में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है।
इसने ‘धमाल 4’ और ‘आवारापन 2’ जैसी फिल्मों के रविवार के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि इस मामले में फिल्म अभी ‘बॉर्डर 2’ और ‘धुरंधर 2’ से आगे नहीं निकल पाई है।
साल के सबसे बड़े फर्स्ट संडे कलेक्शन
• धुरंधर 2 – 121 करोड़ रुपये
• बॉर्डर 2 – 57.2 करोड़ रुपये
• मिर्जापुर द मूवी – 36 करोड़ रुपये
• धमाल 4 – 28.4 करोड़ रुपये
• आवारापन 2 – 26.82 करोड़ रुपये
• भूत बंगला – 25.6 करोड़ रुपये
• वेलकम टू द जंगल – 25.41 करोड़ रुपये
• कॉकटेल 2 – 18.85 करोड़ रुपये
स्टारकास्ट और कहानी को मिल रही तारीफ
‘मिर्जापुर द मूवी’ को दर्शकों के साथ-साथ क्रिटिक्स से भी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म की कहानी, डायलॉग्स और कलाकारों की परफॉर्मेंस चर्चा में है। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का फायदा भी फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में साफ नजर आ रहा है।
फिल्म में रवि किशन, जितेंद्र कुमार, रसिका दुगल, शीबा चड्ढा, अभिषेक बनर्जी, श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, हर्षिता गौर, सोनल चौहान, राजेश तैलंग, सुशांत सिंह, मोहित मलिक और कुलभूषण खरबंदा अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
4 सितंबर को रिलीज हुई फिल्म
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी ‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म हिंदी के साथ तेलुगु डब वर्जन में भी दर्शकों के लिए उपलब्ध कराई गई है।
फिल्म को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने प्रस्तुत किया है। इसका निर्माण एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने किया है।
तीन दिनों के कलेक्शन को देखते हुए अब सभी की नजरें फिल्म के पहले सोमवार के कारोबार पर टिकी हैं। अगर सोमवार को भी फिल्म की कमाई मजबूत रहती है, तो ‘मिर्जापुर द मूवी’ के 100 करोड़ क्लब में एंट्री करने की रफ्तार और तेज हो सकती है।