मीता और निखिल की 'क्रेजी' केमिस्ट्री फिर लौटेगी बड़े पर्दे पर, इस दिन री-रिलीज होगी 'हंसी तो फंसी'
मुंबई, 26 फरवरी (आईएएनएस)। कुछ समय से पुरानी फिल्मों के री-रिलीज का ट्रेंड काफी जोरों पर हैं। इन री-रिलीज फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर भी कमाल दिखाया है। फिर चाहे बात करें फिल्म 'तेरे नाम' या 'युवा' की, सभी ने दर्शकों से इसके री-रिलीज से शानदार प्रतिक्रिया हासिल की है। इसी कड़ी में फिल्म हंसी तो फंसी के मेकर्स ने फिल्म को बड़े पर्दे पर उतारने का फैसला किया है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा अभिनीत फिल्म 6 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। गुरुवार को फिल्म के मेकर्स ने फिल्म का क्लिप इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसमें सिद्धार्थ और परिणीति एक दूसरे से बात करते दिख रहे हैं। मेकर्स ने लिखा, "मीता और निखिल की प्यारी केमिस्ट्री फिर लौट आई है, बड़े पर्दे पर। यह री-रिलीज दर्शकों को पुरानी यादों में खोने और हंसी-मजाक के साथ रोमांस का मजा लेने का मौका देगी।"
विनील मैथ्यू द्वारा निर्देशित फिल्म का निर्माण करण जौहर, विकास बहल, विक्रम आदित्य मोटवाने और अनुराग कश्यप द्वारा किया गया था। रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा के अलावा, इस फिल्म में अदा शर्मा, मनोज जोशी, शरद सक्सेना और नीना कुलकर्णी जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आए थे।
यह फिल्म एक अनोखी प्रेम कहानी थी। यह फिल्म प्यार, प्रतिबद्धता और आत्म-खोज के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां निखिल अपनी मंगेतर की सनकी और बागी बहन मीता के करीब आ जाता है, जो कई सालों बाद घर लौटती है।
निखिल एक आम, दिलफेंक लड़का है जो करिश्मा (अदा शर्मा) से प्यार करता है और उससे शादी करना चाहता है। मीता, करिश्मा की बहन, एक होशियार लेकिन सनकी वैज्ञानिक है, जो परिवार से भागे हुए 10 साल बाद वापस आती है। फिल्म को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। वहीं, इसके गाने और डायलॉग सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते रहते हैं।
'हंसी तो फंसी' का निर्माण धर्मा प्रोडक्शंस और फैंटम फिल्म्स द्वारा किया गया था। इसे हर्षवर्धन कुलकर्णी ने लिखा था। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया था, दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों ने भी इसकी खूब सराहना की थी। अब देखना होगा कि इसके दोबारा प्रदर्शन करने पर दर्शक कितना प्यार देते हैं।
--आईएएनएस
एनएस/डीएससी