मशहूर फिल्म निर्माता और अभिनेता के. भाग्यराज का निधन, उपराष्ट्रपति ने जताया गहरा दुख
नई दिल्ली, 27 जून (आईएएनएस)। मशहूर फिल्म निर्माता, अभिनेता और पटकथा लेखक के. भाग्यराज (कृष्णस्वामी भाग्यराज) का चेन्नई में 73 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया, जिससे सिनेमा जगत में शोक की लहर है। इसी को लेकर देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट शेयर कर दुख व्यक्त किया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने लिखा, "मशहूर फिल्म निर्माता, अभिनेता और पटकथा लेखक के. भाग्यराज के निधन से गहरा दुख हुआ है। उन्होंने अपनी यादगार फिल्मों, अनोखे कहानी कहने के अंदाज और बेहतरीन पटकथा लेखन के जरिए भारतीय सिनेमा में असाधारण योगदान दिया।"
उपराष्ट्रपति ने आगे लिखा, "पटकथा लेखन की उनकी नई तकनीकें और जटिल कहानियों को सरल लेकिन दिलचस्प ढंग से पेश करने की उनकी काबिलियत ने उन्हें देश के बेहतरीन पटकथा लेखकों में से एक के तौर पर पहचान दिलाई। उन्होंने कई फिल्म निर्माताओं को प्रेरित किया और उनका मार्गदर्शन भी किया, जिससे वह आने वाली पीढ़ियों के लिए सिनेमा की दुनिया में समृद्ध हुए।"
उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने यह भी लिखा, "के भाग्यराज का जाना भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है, लेकिन उनकी यादगार विरासत कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों की पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।" इसी के साथ उन्होंने के भाग्यराज के परिवार, दोस्तों, सहयोगियों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और के भाग्यराज की आत्मा को शांति मिले, इसकी प्रार्थना की।
बता दें कि कृष्णस्वामी भाग्यराज भारतीय सिनेमा के एक दिग्गज फिल्म निर्माता, निर्देशक, पटकथा लेखक और अभिनेता थे। वह मुख्य रूप से अपनी बेहतरीन कहानी कहने की कला और स्क्रीन प्ले के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा, उन्होंने कई फिल्मों का निर्देशन और कइयों में बतौर एक्टर अभिनय भी किया।
के भाग्यराज का जन्म 7 जनवरी 1953 को तमिलनाडु के इरोड जिले के गोबिचेट्टीपलायम के पास वेल्लांकोइल में हुआ था। उनकी पत्नी, पूर्णिमा भाग्यराज, भी एक अभिनेत्री हैं। के भाग्यराज ने कई हिंदी फिल्मों का भी निर्माण और निर्देशन किया, जिसमें 'वो सात दिन' और 'मिस्टर बेचारा' जैसी हिंदी फिल्में शामिल हैं।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी