×

मनीषा कोइराला का कला के प्रति प्रेम, दिखाई नेपाल संस्कृति की अद्भुत झलक

 

मुंबई, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। 'दिल से,' 'मन,' और 'गुप्त' समेत कई फिल्मों में शानदार अभिनय करने वालीं मनीषा कोइराला आज भी पर्दे पर सक्रिय हैं।

अभिनेत्री को आखिरी बार संजय लीला भंसाली की पीरियड ड्रामा 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' में देखा गया था। अभिनेत्री कला से जुड़े अपने अनुभव को कई बार जाहिर कर चुकी है। अब उन्होंने हाल ही में नेपाल के म्यूजियम का दौरा किया, जहां उन्होंने नेपाल की संस्कृति और कला से रूबरू कराया।

मनीषा कोइराला ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें वह अपने दोस्तों के साथ समय बिता रही हैं। अभिनेत्री का मानना है कि उनके लिए उनके दोस्त ही सबसे बड़ी कुंजी हैं। हालांकि इसके अलावा, अभिनेत्री ने नेपाल म्यूजियम की फोटोज शेयर की हैं, जिसमें बौद्ध और हिंदू धर्म एक साथ देखने को मिल रहा है। फोटो में एक तरफ भगवान शिव के नटराज अवतार की पेंटिंग तो दूसरी तरफ बौद्ध संस्कृति को दिखाती तस्वीरें हैं। एक पेंटिंग में अलग-अलग भाषाओं में कई मंत्र लिखे हैं, जबकि कुछ पेंटिंग मां काली के रौद्र रूप को दिखाती हैं।

उन्होंने प्यारी और कला को दर्शाती फोटोज को शेयर कर लिखा, "मुझे कुछ अद्भुत कलाकारों और मेरे दोस्तों का काम नेपाली कला संग्रहालय में देखने का मौका मिला। थंका और पौभा, समृद्ध नेवारी कला परंपराओं के प्रति मेरा प्रेम समय के साथ और गहरा होता जा रहा है। हर कलाकृति में ऐसी भक्ति, इतिहास और आत्मा समाई हुई है। इसे देखना और इसके बारे में सीखना सचमुच एक विशेष अनुभव है।"

अभिनेत्री ने बताया कि हर कलाकृति को इतने प्यार से तैयार किया गया कि बिल्कुल जीवंत लगती हैं। हर प्रतिमा से कुछ न कुछ सीखने को मिल रहा है। मनीषा ने इस बात का खुलासा किया कि उनकी भाभी भी काफी सालों से नेपाल में रहकर आर्ट एकेडमी चला रही हैं। उन्होंने कहा कि, 'किसी भी विदेशी महिला के लिए इस तरह की संस्था को बिल्कुल शुरुआत से शुरू करना आसान नहीं होता। आज उनकी लगन और मेहनत की बदौलत ही इस संस्था ने एक मजबूत और सम्मानित नाम कमाया है।'

--आईएएनएस

पीएस/एएस