‘मैं आपकी हरकतें बर्दाश्त करूंगी’, पति अपरेश रंजीत के बर्थडे पर शिल्पा शिरोडकर का मजेदार पोस्ट
मुंबई, 9 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने सोमवार को पति अपरेश रंजीत को जन्मदिन की बधाई दी। अभिनेत्री ने पति अपरेश रंजीत के साथ इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट कर उन्हें कूल और रॉकस्टार पति बताया। अभिनेत्री ने लिखा, "मेरे सबसे कूल, यंग, ओल्ड रॉकस्टार पति को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।"
उन्होंने लिखा, "मैं आपके बुजुर्ग होने पर मजाक बनाने वाली थी, लेकिन सच कहूं तो किसी तरह आपमें अब भी हम सब से ज्यादा एनर्जी है। एक और साल के लिए, जिसमें मैं आपकी हरकतों को बर्दाश्त करूंगी और आप मुझे सुनने का नाटक करोगे।"
शिल्पा शिरोडकर ने साल 2000 में यूके के बैंकर अपरेश रंजीत से शादी की थी। यह एक अरेंज मैरिज थी और दोनों ने मुलाकात के करीब 6 महीने के भीतर ही शादी का फैसला कर लिया था। शिल्पा ने खुद स्वीकार किया था कि वे 10वीं फेल हैं, जबकि उनके पति अपरेश रंजीत एक बैंकर हैं और उनके पास डबल एमबीए की डिग्री है।
शादी के तुरंत बाद शिल्पा देश छोड़कर नीदरलैंड चली गईं, क्योंकि उस समय उनके पति वहां अध्ययनरत थे। करीब एक साल बाद वे न्यूजीलैंड शिफ्ट हो गईं। विदेश में रहने के दौरान उन्होंने कुछ समय तक एक सैलून में हेयरड्रेसर के रूप में भी काम किया था।
साल 2003 में उनकी बेटी अनुष्का रंजीत का जन्म हुआ। शादी और परिवार पर ध्यान देने के लिए उन्होंने फिल्मों से लंबी दूरी बना ली थी। शादी के लगभग 13 साल बाद, साल 2013 में उन्होंने टीवी शो 'एक मुट्ठी आसमान' के जरिए अभिनय की दुनिया में दोबारा कदम रखा। इसके अलावा वे 'बिग बॉस 18' जैसे रियलिटी शो में भी नजर आ चुकी हैं।
अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर ने सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म 'जटाधरा' में नजर आई थीं। इस सुपरनैचुरल थ्रिलर फिल्म में उन्होंने 'शोभा' नाम का एक जटिल और रहस्यमयी किरदार निभाया था, जो लालच और तंत्र-मंत्र से जुड़ा हुआ है।
फिल्म में सुधीर बाबू (शिवा के रूप में) और सोनाक्षी सिन्हा (धन पिशाचिनी के रूप में), शिल्पा शिरोडकर और दिव्या खोसला अहम भूमिकाओं में हैं।
--आईएएनएस
एनएस/वीसी