×

'लास्ट मैन इन टावर' में दिव्या दत्ता का किरदार दिखाएगा जिंदगी की उलझी सच्चाई, बोलीं- 'संगीता को महसूस किया जा सकता है'

 

मुंबई, 6 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री दिव्या दत्ता अपनी आने वाली फिल्म 'लास्ट मैन इन टावर' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में वह संगीता नाम की एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी बाहर से भले ही सामान्य नजर आए लेकिन अंदर से वह कई तरह की परेशानियों, जिम्मेदारियों और भावनात्मक उलझनों से जूझ रही है। अपने इस किरदार को लेकर दिव्या ने कहा कि संगीता कोई असाधारण महिला नहीं बल्कि हमारे आसपास मौजूद उन तमाम महिलाओं में से एक है, जो अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में इतना उलझ जाती हैं कि कई बार अपनी खुशियों और जरूरतों को ही पीछे छोड़ देती हैं।

आईएएनएस से बातचीत में दिव्या दत्ता ने कहा, ''संगीता की जिंदगी पर घर की परिस्थितियों का काफी असर पड़ा है। उसके बच्चे को खास देखभाल की जरूरत है और पति के साथ भी उसकी बातचीत काफी कम है। इन सबके बीच वह खुद भी अपनी जिंदगी और अपने व्यक्तित्व से दूर होती चली गई है। वह अपनी जिंदगी को थोड़ा आसान और बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है लेकिन एक के बाद एक कई जिम्मेदारियां और परेशानियां उनकी इन कोशिशों में पानी फेर रही है।''

दिव्या ने कहा, ''घर के हालात, बच्चे की जरूरतें और पति के साथ दूरी जैसी चीजों ने उसकी जिंदगी को इस तरह घेर लिया है कि शायद उसे खुद भी एहसास नहीं हुआ कि वह कब अपने आपको नजरअंदाज करने लगी।''

उन्होंने कहा, ''एक महिला के लिए ये छोटी-छोटी चीजें काफी मायने रखती हैं कि वह कैसे रहती है, खुद को कैसे देखती है, अपनी खुशियों के लिए कितना समय निकालती है... ये सब उसकी जिंदगी का हिस्सा होता है। हालांकि जब रोजमर्रा की जिम्मेदारियां हावी हो जाती हैं तो इंसान धीरे-धीरे उसी जिंदगी को अपनी आदत मान लेता है। संगीता के साथ भी कुछ ऐसा ही है। वह परेशान है, गुस्सा करती है, कमजोर महसूस करती है लेकिन अपनी इन भावनाओं को खुलकर कहने का उसके पास कोई रास्ता नहीं है। वह अंदर ही अंदर अपने आप से रोजाना लड़ाई लड़ती है।''

दिव्या ने कहा, ''संगीता के किरदार में एक उम्मीद भी है। वह एक बेहतर भविष्य की उम्मीद करती है और शायद यही उम्मीद उसे आगे बढ़ाती है। हालांकि, एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या संगीता खुद जानती है कि आखिर उसकी खुशी किस चीज में है? यही बात इस किरदार को और दिलचस्प बनाती है। संगीता के व्यक्तित्व में कई अलग-अलग रंग हैं। वह एक ईमानदार महिला है।''

दिव्या ने कहा, ''फिल्म में संगीता को लेकर दर्शकों की राय अलग-अलग हो सकती है। कोई उसके साथ खड़ा नजर आ सकता है तो कोई उसके फैसलों से नाराज भी हो सकता है। हालांकि मेरे लिए यही इस किरदार की खूबसूरती है क्योंकि यहां सब कुछ बिल्कुल सही या गलत नहीं है। किरदार के बीच कई तरह के ग्रे एरिया हैं, जहां दर्शक को खुद तय करना होगा कि वह संगीता को किस नजर से देखते हैं।''

'लास्ट मैन इन टावर' में दिव्या दत्ता के साथ मनोज बाजपेयी नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बेन रेखी ने किया है। यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/पीएम