कुमार सानू ने बताया क्यों हैं वे 'मेलोडी किंग', बोले- गाना गाते वक्त खुद को समझता हूं हीरो
मुंबई, 18 नवंबर (आईएएनएस)। मशहूर प्लेबैक सिंगर कुमार सानू अपनी रोमांटिक आवाज और मधुर गीतों के लिए विशेष रूप से जाने जाते हैं। उन्होंने आईएएनएस के साथ हालिया बातचीत में अपनी गायकी के पीछे की तकनीक शेयर की।
बातचीत के दौरान आईएएनएस ने गायक से कहा कि उन्होंने लगभग हर सुपरस्टार के लिए गाना गाया है और उनकी आवाज़ सब पर जंचती है, तो कुमार सानू ने कहा, "इसका मतलब है कि मैं ही हीरो हूं। दरअसल, जब मैं कोई गाना गाता हूं, तो मैं खुद को हीरो समझता हूं। मेरी गायकी में एक स्टाइल है, जिसे विजुअल सिंगिंग कहते हैं। ये बात शायद किसी ने नहीं कही होगी, लेकिन मैं पहली बार कह रहा हूं कि जब भी मैं कोई गाना गाता हूं, तो मैं सोचने लगता हूं कि मैं हीरोइन के साथ बगीचे में क्या कर रहा हूं? गाने के बोल लिखते वक्त भी मेरे दिमाग में विजुअल इमेज बन जाती है और यही कारण है कि आपको गाने में जान महसूस होती है।"
उन्होंने आगे बताया कि अक्सर लोग मुझसे कहते हैं कि आप मेलोडी किंग हैं, तो उसके पीछे यही राज है। उन्होंने कहा, "तो कोई भी गाना गाने से पहले, मैं अपने आपको उस गाने का हीरो मान लेता हूं और उसी का तरह एक्सप्रेशन देता हूं। अब, बाद में कौन-सा हीरो उस पर लिप-सिंक करेगा या उसे और बेहतर बनाएगा, ये उसकी काबिलियत पर निर्भर करता है।"
उन्होंने आगे कहा, "हम पर्दे के पीछे हैं, गाना गाते हैं, इसलिए हम प्लेबैक सिंगर हैं और हीरो पर्दे के सामने होते हैं। वो जो भी करेंगे, दिखेगा। हमने कैसे गाया, वो बाद में आएगा। पहले लोग देखेंगे कि स्क्रीन पर गाना कैसा लग रहा है। अब, जो कुछ भी कह लो, मैं ऐसे ही गाता था। लोग इसे इंटेलिजेंट, क्लासिकल बेस सिंगिंग और कई तरह के नामों से बताते हैं, लेकिन मेरे दिमाग में जो होता है, वही मेरी सिंगिंग में आता है, जिसे विजुअल सिंगिंग कहते हैं।"
कुमार सानू 90 के दशक के लोकप्रिय प्लेबैक सिंगर्स में गिने जाते हैं। उन्होंने 1991 से 1995 तक लगातार पांच बार फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार जीता और 2009 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया जा चुका है।
--आईएएनएस
एनएस/एएस