☰
×

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा की बड़ी खुशखबरी: 'हम फिर से पेरेंट्स बनने वाले हैं', पोस्ट वायरल

 

बॉलीवुड की चर्चित जोड़ी कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा के घर एक बार फिर खुशियां आने वाली हैं। दोनों दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। कियारा और सिद्धार्थ ने बुधवार को सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ यह खुशखबरी शेयर की।कपल ने एक खूबसूरत तस्वीर पोस्ट की, जिसमें नन्हे बच्चे के मोजे और जूते नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ दोनों ने लिखा कि एक बार फिर उन्हें जिंदगी का सबसे बड़ा तोहफा मिलने वाला है और उनके दिल प्यार और आभार से भर गए हैं।

कियारा और सिद्धार्थ की शादी 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के जैसलमेर स्थित सूर्यगढ़ पैलेस में हुई थी। शादी में परिवार के करीबी सदस्य और खास दोस्त शामिल हुए थे।दोनों की लव स्टोरी की शुरुआत फिल्म ‘शेरशाह’ के दौरान हुई थी। फिल्म में सिद्धार्थ ने कैप्टन विक्रम बत्रा और कियारा ने डिंपल चीमा का किरदार निभाया था। शूटिंग के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में उनका रिश्ता शादी तक पहुंचा।

जुलाई 2025 में पहली बार बने थे माता-पिता

शादी के करीब दो साल बाद जुलाई 2025 में कियारा और सिद्धार्थ पहली बार माता-पिता बने थे। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि उनके घर बेटी ने जन्म लिया है।इसके कुछ महीनों बाद नवंबर 2025 में कपल ने अपनी बेटी के नाम का खुलासा किया था। उन्होंने बेटी का नाम सरायाह मल्होत्रा बताया था और उसे अपनी छोटी राजकुमारी कहा था।

सिद्धार्थ ने पिता बनने को बताया था खास अनुभव

पिता बनने के बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा कई मौकों पर अपनी बेटी के बारे में बात कर चुके हैं। ‘बिग बॉस 20’ में पहुंचे सिद्धार्थ से सलमान खान ने उनकी शादीशुदा जिंदगी और पिता बनने के अनुभव को लेकर सवाल किया था।सिद्धार्थ ने बताया था कि पिता बनना उनके लिए जिंदगी की सबसे खास भूमिकाओं में से एक है। उन्होंने अपनी बेटी को बेहद प्यारा बताते हुए कहा था कि वह हर दिन कुछ नया सीख रही है।इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने मजाकिया अंदाज में सिद्धार्थ से जल्द एक और बच्चे को लेकर भी बात की थी। हालांकि उस समय कपल की ओर से दूसरी प्रेग्नेंसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।वहीं, मां बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बदलावों के बारे में कियारा ने एक पॉडकास्ट में बताया था कि मां बनने से पहले और बाद में उन्हें खुद के अंदर काफी बदलाव महसूस हुआ। उन्होंने कहा था कि अब वह खुद को पहले से काफी अलग इंसान मानती हैं।

‘शेरशाह’ से शुरू हुई थी दोनों की कहानी

कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा आज बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में शामिल हैं। दोनों ने फिल्म ‘शेरशाह’ में साथ काम किया था और इसी फिल्म के दौरान उनके रिश्ते की चर्चा तेज हुई थी।सिद्धार्थ ने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की थी। इसके बाद उन्होंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम किया और साल 2012 में ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ से बतौर अभिनेता बॉलीवुड में कदम रखा। ‘हंसी तो फंसी’, ‘एक विलेन’ और ‘कपूर एंड संस’ जैसी फिल्मों से उन्हें पहचान मिली।

वहीं, कियारा आडवाणी ने 2014 में फिल्म ‘फुगली’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। ‘एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ से उन्हें बड़ी पहचान मिली। इसके बाद वह ‘लस्ट स्टोरीज’, ‘कबीर सिंह’, ‘गुड न्यूज’, ‘भूल भुलैया 2’, ‘जुगजुग जीयो’ और ‘सत्यप्रेम की कथा’ जैसी फिल्मों में नजर आईं।अब दूसरी बार माता-पिता बनने की खबर के बाद कियारा और सिद्धार्थ को सोशल मीडिया पर फैंस और बॉलीवुड सेलेब्स की ओर से बधाइयां मिल रही हैं।