☰
×

केबीसी में बिग बी ने किया कोलकाता पार्क स्ट्रीट का जिक्र, बोले- दुनिया में कहीं नहीं देखा था ऐसा नजारा

 

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता अमिताभ बच्चन इन दिनों क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति-18' में होस्ट के तौर पर नजर आ रहे हैं। शो के दौरान अभिनेता ने कोलकाता की मशहूर पार्क स्ट्रीट से जुड़ाव के बारे में बताया।

अभिनेता ने कोलकाता के मशहूर रेस्टोरेंट और लाइव-म्यूजिक कल्चर को याद किया। साथ ही, उन्होंने बताया कि कैसे पार्क स्ट्रीट शहर की नाइटलाइफ और मनोरंजन का अहम हिस्सा हुआ करती थी।

कंटेस्टेंट शौर्ज्य दास से बात करते हुए अभिनेता ने कहा, "उस समय हम सभी के रात का एंटरटेनमेंट यही हुआ करता था। कोलकाता पार्क स्ट्रीट में सभी रे रेस्टोरेंट लाइन में लगे हुए होते थे। वह बहुत अद्भुत जगह है, विश्व भर में मैंने ऐसी जगह कहीं नहीं देखी थी कि एक ही सड़क पर, 5-6 रेस्टोरेंट एक साथ मिलेंगे और सब एक से एक अव्वल नंबर पर।"

मेगास्टार ने आगे बातचीत में पार्क स्ट्रीट के मशहूर रेस्टोरेंट में परफॉर्म करने वाले संगीतकारों को भी याद किया, जिनमें उषा उत्थुप और लुईस बैंक्स जैसे नाम शामिल हैं। उन्होंने कहा, "उन रेस्टोरेंट में कई अव्वल गायक गाना गाया करते थे। हम तो उनके सामने कुछ है ही नहीं और उनमें से कई ने तो हिंदी सिनेमा में आकर गायिकी में अपना योगदान भी दिया है, जिनमें उषा उत्थुप जी और लुईस बैंक्स रहे हैं।"

बता दें कि उषा उत्थुप का पार्क स्ट्रीट से खास जुड़ाव रहा है। उन्होंने 1969 में कोलकाता आने के बाद वहीं स्थित एक रेस्टोरेंट में अपने प्रोफेशनल सिंगिंग करियर की शुरुआत की थी और आगे चलकर शहर के लाइव-म्यूजिक कल्चर की सबसे पहचानी जाने वाली आवाजों में से एक बन गईं। उषा उत्थुप ने ऐसे समय में साड़ी पहनकर परफॉर्म करने का फैसला किया, जब नाइटक्लब के मंच पर पश्चिमी संगीत का बोलबाला था। वे पारंपरिक भारतीय साड़ी, बिंदी और गजरा पहनकर मंच पर पश्चिमी और जैज संगीत गाती थीं, जो उस दौर में एक नया और अनूठा अनुभव था।

दिल्ली के एक होटल में प्रस्तुति के दौरान देव आनंद और शशि कपूर ने उनकी आवाज को सराहा था। देव आनंद ने उन्हें फिल्म 'हरे राम हरे कृष्णा' (1971) और मर्चेंट आइवरी की फिल्म 'बॉम्बे टॉकीज' में गाने का मौका दिया, जिसके बाद वे भारतीय पॉप और पार्श्व गायन की दुनिया में छा गईं।

--आईएएनएस

एनएस/एएस