×

करीना कपूर के तीसरी बार प्रेग्नेंट होने की खबरें निकलीं झूठी, टीम ने बताया सच; वायरल वीडियो से शुरू हुई थी चर्चा

 

बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान के तीसरी बार मां बनने की खबरों पर अब विराम लग गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के बाद करीना की प्रेग्नेंसी को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। हालांकि, करीना के करीबी सूत्र ने इन खबरों को पूरी तरह गलत बताया है।

दरअसल, शुक्रवार को मुंबई में करीना कपूर का एक वीडियो सामने आया था। इसमें वह अपनी कार की ओर जाती हुई नजर आईं। उनके साथ उनकी टीम के कुछ सदस्य भी मौजूद थे। वीडियो में एक जगह टीम का एक सदस्य छाता लेकर करीना के सामने चलने लगा, जिससे पैपराजी के कैमरों से उनका लुक काफी हद तक छिप गया।

करीना को इस तरह कैमरों से बचाए जाने और वीडियो में उनके लुक को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अटकलें लगानी शुरू कर दीं। कुछ लोगों को वीडियो में उनका पेट थोड़ा उभरा हुआ नजर आया, जिसके बाद दावा किया जाने लगा कि करीना और सैफ अली खान तीसरे बच्चे के माता-पिता बनने वाले हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने कमेंट कर सवाल पूछने शुरू कर दिए। एक यूजर ने लिखा कि एक पल के लिए उसे लगा कि करीना तीसरी बार मां बनने वाली हैं। वहीं, दूसरे यूजर ने सीधे सवाल किया कि क्या करीना प्रेग्नेंट हैं। एक अन्य कमेंट में यूजर ने लिखा कि ऐसा लग रहा है जैसे बेबी बंप दिखाई दे रहा हो।

हालांकि, इन चर्चाओं के बीच करीना के करीबी सूत्र ने साफ कर दिया कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट नहीं हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, करीना के करीबी सूत्र ने कहा कि वह प्रेग्नेंट नहीं हैं और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहें गलत हैं।

करीना की ननद सबा पटौदी ने भी इन अटकलों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि किसी तस्वीर का एंगल खराब हो सकता है या बालों का दिन अच्छा न हो, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि लोग तुरंत ऐसी अटकलें लगाने लगें। उन्होंने लोगों से निजी जिंदगी को लेकर बेवजह अनुमान न लगाने और ‘जियो और जीने दो’ की भावना रखने की अपील की।

करीना कपूर खान और सैफ अली खान पहले से दो बेटों के माता-पिता हैं। उनके बड़े बेटे तैमूर और छोटे बेटे जेह हैं। ऐसे में तीसरे बच्चे की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेजी से फैल गई थी।

फिलहाल करीना की प्रेग्नेंसी की खबरों को उनकी टीम ने खारिज कर दिया है। यानी वायरल वीडियो में नजर आया लुक किसी प्रेग्नेंसी की पुष्टि नहीं करता। यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर लोगों के लगाए गए कयासों से शुरू हुआ था, जिसे अब करीना के करीबी सूत्र ने गलत बता दिया है।