करण जौहर ने क्लिकबेट हेडलाइंस पर कहा- शब्दों को गलत तरीके से पेश करना बंद करें
मुंबई, 23 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड निर्देशक व निर्माता करण जौहर अक्सर अपने बयानों और फैशन स्टाइल को लेकर सुर्खियों का हिस्सा बने रहते हैं। हाल ही में एक पॉडकास्ट के दौरान उनके द्वारा दिए गए बयान को लेकर वायरल होने के बाद फिल्ममेकर करण जौहर ने क्लिकबेट हेडलाइंस के बढ़ते चलन के खिलाफ एक सधी हुई अपील की।
करण जौहर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर एक नोट लिखा, जिसमें उन्होंने सभी से अपील करते हुए लिखा, "मैं क्लिकबेट हेडलाइन्स के बारे में विनम्रता से कुछ कहना चाहता हूं। हम में से कई लोग इंटरव्यू और पॉडकास्ट देते हैं, और खुशी-खुशी अपनी बात साझा करते हैं। जब किसी इंटरव्यू की एक लाइन को उसके असली मतलब से हटाकर दिखाया जाता है, तो वह सिर्फ क्लिकबेट बन जाता है। इससे हमें आगे बोलने में झिझक महसूस होती है।"
करण ने सभी से अनुरोध करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि बयानों को तोड़-मरोड़कर सनसनीखेज़ बनाने के बजाय उन्हें ईमानदारी से पेश किया जाना चाहिए।
उन्होंने लिखा, "मेरी आपसे विनम्र अनुरोध है कि किसी भी बात को उसके सही संदर्भ में ही प्रस्तुत करें। कृपया ऐसे शब्दों का इस्तेमाल न करें, जो किसी बयान को गलत, व्यक्तिगत, आपत्तिजनक या सनसनीखेज बना दें।"
दरअसल, हाल ही में करण एक पॉडकास्ट में गए थे, जहां उन्होंने एक्टर्स के एजेंसी छोड़ने के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था, "कुछ कलाकार आते हैं और फिर आगे बढ़ जाते हैं, क्योंकि इंडस्ट्री में तीन बड़ी एजेंसियां हैं, इसलिए उनके बीच आना-जाना (पासिंग द पार्सल) चलता रहता है।"
करण जौहर बातचीत में आगे कहते हैं, "जिस किसी ने भी हमारी एजेंसी छोड़ी है, मैं हमेशा उनके लिए अच्छा ही चाहूंगा और उनके साथ काम भी करूंगा। कई बार ऐसा हुआ है कि उन्होंने हमारी एजेंसी छोड़ दी है लेकिन मैं फिर भी उनके साथ काम करता रहता हूं।"
हालांकि, करण के इस बयान को जाह्नवी कपूर से जोड़ा जा रहा है। अभिनेत्री ने लंबे समय से करण के साथ कोई फिल्में नहीं की हैं। हालांकि, जाह्नवी ने अपने करियर की शुरुआत करण की फिल्म धड़क से ही की थी।
अभिनेत्री जल्द ही साउथ एक्टर रामचरण के साथ फिल्म ‘पेद्दी’ में नजर आएंगी। पिछले साल वह फिल्म ‘परम सुंदरी’ और ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ में नजर आई थीं।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम