☰
×

बर्थडे स्पेशल : कन्नड़ सिनेमा की क्वीन से कांग्रेस की डिजिटल रणनीतिकार तक, दिव्या स्पंदना ऐसे बनीं महिलाओं की उम्मीद

 

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के मांड्या से जुड़ाव रखने वाली दिव्या का पालन-पोषण एक ऐसे माहौल में हुआ जहां राजनीति और उद्यमिता दोनों का प्रभाव था। उनकी मां रंजीता कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ सदस्य रही हैं जबकि उनके पालक पिता आरटी नारायण एक प्रतिष्ठित उद्योगपति थे। दिव्या ने अपनी स्कूली शिक्षा ऊटी के सेंट हिल्डा स्कूल और चेन्नई के सेक्रेड हार्ट स्कूल से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने बेंगलुरु के सेंट जोसेफ कॉलेज ऑफ कॉमर्स में दाखिला लिया। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में जन्मी दिव्या स्पंदना को दुनिया पेशेवर रूप से 'राम्या' के नाम से जानती है।

कॉलेज के दिनों में ही दिव्या ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और रैंप वॉक के जरिए सबका ध्यान खींचा। इसी दौरान उन्हें फिल्मों के प्रस्ताव मिलने लगे। साल 2003 में उन्होंने कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार के साथ फिल्म 'अभि' से अपने अभिनय करियर की शानदार शुरुआत की। दिलचस्प बात यह है कि इसी फिल्म के निर्माण के दौरान दिग्गज निर्माता पर्वतम्मा राजकुमार ने दिव्या को उनका मशहूर स्क्रीन नेम 'राम्या' दिया, जो आगे चलकर दक्षिण भारतीय सिनेमा में सफलता का पर्याय बन गया।

'अभि' की कामयाबी के बाद राम्या ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी दमदार किरदारों के दम पर वे जल्द ही कन्नड़ सिनेमा की शीर्ष अभिनेत्रियों में शुमार हो गईं और प्रशंसकों ने उन्हें प्यार से 'सैंडलवुड क्वीन' का खिताब दिया। उन्होंने 'अमृतधारे', 'आकाश', 'तणनम तणनम', 'जोथे जोथेयाली', 'संजू वेड्स गीता' और 'नागरहावु' जैसी कई यादगार कन्नड़ फिल्मों में काम किया।

उनकी लोकप्रियता केवल कन्नड़ सिनेमा तक ही सीमित नहीं रही। साल 2004 में उन्होंने 'कुथु' के जरिए तमिल सिनेमा में कदम रखा और आगे चलकर 'पोल्लाधवन' तथा सूर्या के साथ क्लासिक फिल्म 'वारणम आयिरम' जैसी चर्चित फिल्मों से तमिल दर्शकों का भी दिल जीता। तेलुगु फिल्म 'अभिमन्यु' में भी उनके काम को सराहा गया। अपने शानदार अभिनय के लिए राम्या ने दो फिल्मफेयर अवॉर्ड्स साउथ ('तणनम तणनम' और 'संजू वेड्स गीता' के लिए) और एक कर्नाटक स्टेट फिल्म अवॉर्ड अपने नाम किया।

करियर के शिखर पर रहते हुए दिव्या स्पंदना साल 2012 में भारतीय युवा कांग्रेस से जुड़ीं। इसके ठीक एक साल बाद 2013 में उन्होंने कर्नाटक की मांड्या लोकसभा सीट से उपचुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज कर संसद पहुंचीं। हालांकि 2014 के आम चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

साल 2017 में कांग्रेस पार्टी ने उन्हें अपनी सोशल मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन टीम का प्रमुख नियुक्त किया। इस भूमिका में दिव्या ने पार्टी की डिजिटल रणनीति को नया धारदार रूप दिया। उनके तीखे, सटीक और समसामयिक डिजिटल अभियानों ने भारतीय राजनीति में सोशल मीडिया के इस्तेमाल को एक नई दिशा दी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर एक प्रखर वक्ता व रणनीतिकार के रूप में स्थापित किया।

समय के साथ दिव्या ने खुद को फिर से नए अंदाज में गढ़ा। उन्होंने 'एप्पल बॉक्स स्टूडियोज' नाम से अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया। इस बैनर तले उनकी पहली निर्मित फिल्म 'स्वाति मुत्तिना माले हनिये' (2023) को राज बी. शेट्टी के निर्देशन में काफी सराहना मिली। सिनेमा और राजनीति से इतर दिव्या आज भी सामाजिक मुद्दों, महिलाओं की गरिमा और ऑनलाइन ट्रोलिंग के खिलाफ बेखौफ होकर अपनी आवाज उठाती हैं।

मौजूदा समय में दिव्या स्पंदना (राम्या) स्पंद फाउंडेशन की संस्थापक भी हैं और इसके माध्यम से अधेड़ उम्र की महिलाओं के स्वास्थ्य, विशेष रूप से पेरिमेनोपॉज और मेनोपॉज पर काम करती हैं। वे एक पॉडकास्ट श्रृंखला और विभिन्न अभियानों के माध्यम से महिलाओं और समाज में हार्मोनल बदलावों व मेनोपॉज के प्रति जागरूकता फैलाती हैं।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम