कृति सेनन के रक्षाबंधन एड विवाद में कंगना रनोट की एंट्री, वीडियो में देंखे राहुल गांधी पर साधा निशाना
अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनोट ने कृति सेनन के रक्षाबंधन ज्वेलरी एड विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। दरअसल, राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर कृति सेनन का समर्थन करते हुए महिलाओं की पसंद और स्वतंत्रता को लेकर ‘स्मैश द पेट्रियार्की’ का संदेश दिया था। इसके जवाब में कंगना ने बीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किए गए एक इलस्ट्रेटेड पोस्ट को री-शेयर किया और राहुल गांधी पर तंज कसा। कंगना ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “ब्रो, वेट। भारत माता की जय। शुरू करते हैं।” उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
राहुल गांधी ने किया था कृति का समर्थन
कृति सेनन एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन थीम वाले विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना कर रही थीं। विज्ञापन में कृति के कपड़ों और कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स ने आपत्ति जताई थी।मंगलवार को राहुल गांधी ने कृति सेनन के बयान को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर री-शेयर करते हुए उनका समर्थन किया। राहुल गांधी ने लिखा कि कोई महिला क्या पहनती है, क्या करती है और कहां जाती है, यह उसकी अपनी पसंद है। उन्होंने महिलाओं के कपड़ों और जीवनशैली की ऑनलाइन निगरानी या ‘पुलिसिंग’ को गलत बताया।राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में ‘Smash the Patriarchy’ हैशटैग का भी इस्तेमाल किया।
बीजेपी के पोस्ट को कंगना ने किया री-शेयर
राहुल गांधी के बयान के जवाब में कंगना रनोट ने बीजेपी के इंस्टाग्राम अकाउंट का एक इलस्ट्रेटेड पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट में बीजेपी ने कांग्रेस पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर सवाल उठाए हैं।बीजेपी के इस पोस्ट में ट्रिपल तलाक, शाह बानो केस, महिला आरक्षण और कर्नाटक कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस की नीयत पर सवाल खड़े किए गए हैं।कंगना ने इसी पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “ब्रो, वेट। भारत माता की जय। शुरू करते हैं।” उनके इस बयान को राहुल गांधी की पोस्ट का राजनीतिक जवाब माना जा रहा है।
एड विवाद से शुरू हुआ मामला
पूरा विवाद एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन एडवर्टाइजमेंट से शुरू हुआ था। विज्ञापन में कृति सेनन के कपड़ों और अन्य दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। कृति ने ट्रोलिंग का जवाब देते हुए अपनी बात रखी थी।इसके बाद उनकी बहन नूपुर सेनन ने भी कृति का समर्थन किया था। अब राहुल गांधी के समर्थन और उसके बाद कंगना रनोट की प्रतिक्रिया ने इस मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है।कृति सेनन के विज्ञापन से शुरू हुआ यह विवाद अब सोशल मीडिया पर कलाकारों, यूजर्स और राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रियाओं के चलते लगातार चर्चा में बना हुआ है।