☰
×

कैमरे के सामने फिर खोया जया बच्चन ने आपा, कंगना रनोट ने कसा तीखा तंज– 'आखिर चाहती क्या हैं?'

 

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के सांसदों के प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में जया बच्चन एक न्यूज चैनल के सवाल का जवाब देने से इनकार करती नजर आ रही हैं। इसी वीडियो को लेकर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनोट ने उन पर तंज कसा है।दरअसल, मंगलवार को इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला था। इस प्रदर्शन में जया बच्चन भी शामिल हुई थीं।

मार्च के दौरान जब एक न्यूज चैनल ने जया बच्चन से बातचीत करने की कोशिश की, तो उन्होंने माइक को पीछे की ओर धकेल दिया। इस दौरान उनके चेहरे पर नाराजगी और इरिटेशन साफ नजर आई। वीडियो सामने आने के बाद कंगना रनोट ने इसे अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और जया बच्चन पर तंज कसा।कंगना ने लिखा कि जब कोई पूरी दुनिया के सामने अपनी बात रखने के लिए धरने पर बैठता है, लेकिन जब उससे पूछा जाता है कि आखिर वह कहना क्या चाहता है, तो जवाब मिलता है- ‘नहीं बताऊंगी।’

जया बच्चन पर पहले भी निशाना साध चुकी हैं कंगना

कंगना रनोट और जया बच्चन के बीच जुबानी तकरार कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कंगना कई मौकों पर जया बच्चन के मीडिया और पैपराजी के साथ व्यवहार को लेकर टिप्पणी कर चुकी हैं।पिछले साल नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब के बाहर जया बच्चन का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह एक व्यक्ति को सेल्फी लेने से रोकती नजर आई थीं। उस घटना पर कंगना ने जया बच्चन को ‘प्रिविलेज्ड’ बताते हुए उनकी आलोचना की थी।

दोनों के बीच विवाद उस समय भी काफी चर्चा में आया था, जब सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद बॉलीवुड में ड्रग्स और नेपोटिज्म को लेकर बहस तेज हुई थी।उस दौरान कंगना ने फिल्म इंडस्ट्री की तुलना ‘गटर’ से की थी। कंगना के इस बयान पर जया बच्चन ने राज्यसभा में बिना नाम लिए प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। जया ने बॉलीवुड को गटर कहे जाने पर भी आपत्ति जताई थी।इसके बाद कंगना ने सोशल मीडिया के जरिए जया बच्चन को जवाब दिया था और बॉलीवुड में कथित शोषण और नेपोटिज्म को लेकर कई सवाल उठाए थे।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का प्रदर्शन

वहीं, मंगलवार को इंडिया ब्लॉक ने SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। यह मार्च संसद से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर जा रहा था, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोक दिया।प्रदर्शन के दौरान कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आकाशवाणी भवन परिसर पहुंचे, जहां दोनों कई घंटे तक धरने पर बैठे रहे। विपक्षी नेताओं की मांग थी कि उन्हें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का मौका दिया जाए।

रात करीब 8 बजे पुलिस ने राहुल गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लेकर किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन पहुंचाया। करीब दो घंटे बाद रात 10:10 बजे सभी को रिहा कर दिया गया।राहुल गांधी ने बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। वहीं, चुनाव आयोग की ओर से कहा गया कि शाम 4 बजे तक किसी भी पार्टी ने मुलाकात के लिए समय नहीं मांगा था।

आयोग ने सांसदों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात का प्रस्ताव दिया था, लेकिन विपक्ष ने इसे स्वीकार नहीं किया। दूसरी ओर, बीजेपी ने विपक्ष के प्रदर्शन को अराजकता फैलाने की कोशिश बताया और राहुल गांधी पर भी निशाना साधा।इस पूरे राजनीतिक घमासान के बीच अब जया बच्चन का वायरल वीडियो और उस पर कंगना रनोट की टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का नया मुद्दा बन गई है।