‘काला हिरण’ फिल्म विवाद: दिल्ली हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, वीडियो में देंखे सलमान खान ने रिलीज पर रोक की मांग की
दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार को अभिनेता Salman Khan की उस याचिका पर नोटिस जारी किया, जिसमें उन्होंने फिल्म काला हिरण की रिलीज और प्रचार-प्रसार पर रोक लगाने की मांग की है। मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने फिल्म से जुड़े निर्माताओं, निर्देशक और अन्य संबंधित पक्षों को जवाब देने का निर्देश दिया है। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा की एकल पीठ ने फिल्म के निर्माता अमित जानी, Jani Firefox Films, निर्देशक भारत श्रीनेत, अक्षय पांडे और परियोजना से जुड़े अन्य लोगों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए।
रिलीज पर अंतरिम रोक की भी मांग
सुनवाई के दौरान अदालत ने सलमान खान की उस अर्जी पर भी विचार किया, जिसमें फिल्म की रिलीज पर अंतरिम रोक लगाने की मांग की गई है। याचिका में फिल्म के कंटेंट और उससे जुड़े पहलुओं को लेकर आपत्ति जताई गई है।
ट्रेलर रिलीज होने पर कोर्ट ने जताई गंभीरता
सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि फिल्म का ट्रेलर शुक्रवार को जारी कर दिया गया है। जबकि पहले यह संकेत दिया गया था कि ट्रेलर या फिल्म का प्रचार अभियान 20 जून के बाद शुरू किया जाएगा। इस जानकारी के सामने आने के बाद अदालत ने मामले को गंभीरता से लिया।
19 जून को होगी अगली सुनवाई
मामले में सभी पक्षों को नोटिस जारी करने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने अगली सुनवाई की तारीख 19 जून तय की है। इस दिन अदालत फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने संबंधी मांग और अन्य कानूनी पहलुओं पर विस्तार से सुनवाई करेगी।
फिलहाल, फिल्म की रिलीज को लेकर अंतिम निर्णय अदालत की आगामी सुनवाई और पक्षकारों के जवाब के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। यह मामला फिल्म जगत और सलमान खान के प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।