☰
×

डीपफेक का शिकार हुईं जान्हवी कपूर का फूटा गुस्सा: बोलीं- यह घटिया हरकत, जूनियर NTR-चिरंजीवी की वजह से मिला हौसला

 

अभिनेत्री जान्हवी कपूर एक बार फिर AI के गलत इस्तेमाल को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी फिल्म देवरा: पार्ट 1 के लोकप्रिय गाने ‘चुट्टामल्ले’ पर एक आपत्तिजनक AI-जनरेटेड वीडियो सामने आने के बाद एक्ट्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है।जान्हवी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए कहा कि किसी महिला की बिना अनुमति ऐसी तस्वीरें या वीडियो बनाना और उन्हें ऑनलाइन फैलाना सिर्फ गलत नहीं, बल्कि उसकी गरिमा और प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने AI के जरिए बनाए जा रहे ऐसे कंटेंट की तुलना डिजिटल यौन उत्पीड़न से की।

‘महिला की सहमति सबसे जरूरी’

जान्हवी ने कहा कि किसी महिला की सहमति के बिना उसके शरीर या पहचान का इस्तेमाल करके कंटेंट तैयार करना स्वीकार नहीं किया जा सकता।उन्होंने यह भी कहा कि किसी महिला का पहनावा उसकी सहमति नहीं माना जा सकता। वह क्या पहनती है, किस चीज में सहज महसूस करती है और अपनी सीमा कहां तय करती है—इन सभी फैसलों का अधिकार उसी महिला के पास है।एक्ट्रेस ने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई महिला लगातार कई दिनों तक किसी बात के लिए ‘हां’ कहती है और किसी दिन ‘ना’ कह देती है, तो उस ‘ना’ का सम्मान किया जाना चाहिए।

‘सिर्फ अपनी बेटियों को बचाने की बात नहीं, सोच बदलनी होगी’

जान्हवी ने समाज की सोच पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ परिवारों या महिलाओं पर डालने के बजाय लोगों को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है।उनके मुताबिक, ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों जगह महिलाओं की सीमाओं और प्राइवेसी का सम्मान होना चाहिए। समाज को ऐसी सोच विकसित करनी होगी, जिसमें किसी दूसरे व्यक्ति की अनुमति के बिना उसकी तस्वीर, वीडियो या पहचान का गलत इस्तेमाल करने को सामान्य न समझा जाए।

जूनियर NTR समेत कई सितारों का जताया आभार

जान्हवी ने इस मामले में खुलकर आवाज उठाने वाले जूनियर NTR, चिरंजीवी, विजय देवरकोंडा और खुशबू सुंदर का भी धन्यवाद किया।

उन्होंने खास तौर पर जूनियर NTR की तारीफ की, जिन्होंने इस मॉर्फ्ड वीडियो के खिलाफ सख्त रुख अपनाया और कानूनी कार्रवाई की बात कही।

जूनियर NTR ने दी थी सख्त चेतावनी

जूनियर NTR ने वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि इस तरह का मॉर्फ्ड कंटेंट बनाने और फैलाने वालों के खिलाफ हर संभव कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की थी कि ऐसे वीडियो को न देखें, डाउनलोड न करें और शेयर न करें। उनका कहना था कि आज अगर किसी और को निशाना बनाया गया है, तो कल यही किसी की मां, बहन, पत्नी या बेटी के साथ भी हो सकता है।

अभिनेता ने सरकार और राज्य प्रशासन से भी AI के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त नियम और कार्रवाई की मांग की थी।

विजय देवरकोंडा और चिरंजीवी भी हुए नाराज

अभिनेता विजय देवरकोंडा ने भी ‘चुट्टामल्ले’ के डीपफेक वीडियो पर नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विजय ने कहा कि AI जैसी तकनीक का इस्तेमाल लोगों की जिंदगी आसान बनाने और रचनात्मक काम के लिए होना चाहिए, न कि किसी व्यक्ति को अपमानित करने या उसकी गरिमा को नुकसान पहुंचाने के लिए।

वहीं सुपरस्टार चिरंजीवी ने इस वीडियो को शर्मनाक और पूरी तरह अस्वीकार्य बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे कंटेंट को मनोरंजन या मजाक के तौर पर नहीं देखा जा सकता।

चिरंजीवी ने फिल्म इंडस्ट्री की संस्थाओं के साथ मिलकर ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए सपोर्ट सिस्टम और साइबर क्राइम अधिकारियों के साथ मिलकर काम करने की जरूरत पर जोर दिया।

‘चुट्टामल्ले’ से जुड़ा है पूरा मामला

‘चुट्टामल्ले’ फिल्म देवरा: पार्ट 1 का लोकप्रिय रोमांटिक गाना है। इसमें जूनियर NTR और जान्हवी कपूर नजर आए थे।

गाने में दोनों की केमिस्ट्री और म्यूजिक को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसी गाने से जुड़े विजुअल्स का कथित तौर पर AI की मदद से गलत और आपत्तिजनक तरीके से इस्तेमाल किया गया।

फिल्म देवरा: पार्ट 1 का निर्देशन कोरटाला शिवा ने किया था। फिल्म में जूनियर NTR, जान्हवी कपूर और सैफ अली खान ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं।

AI डीपफेक का शिकार पहले भी हो चुके हैं कई सितारे

यह पहली बार नहीं है जब किसी अभिनेत्री या सेलिब्रिटी की पहचान का इस्तेमाल करके AI डीपफेक कंटेंट बनाया गया हो।

इससे पहले रश्मिका मंदाना का फेक वीडियो वायरल होने के बाद डीपफेक तकनीक के गलत इस्तेमाल पर देशभर में बहस छिड़ गई थी। इस मामले में जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई भी की थी।

इसके अलावा नोरा फतेही, माधुरी दीक्षित और रुक्मिणी वसंत समेत कई अभिनेत्रियां भी AI से तैयार किए गए फर्जी फोटो या वीडियो को लेकर चिंता जता चुकी हैं।

बढ़ते डीपफेक के बीच बड़ा सवाल

AI तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है, लेकिन इसके साथ ही इसके गलत इस्तेमाल का खतरा भी बढ़ रहा है। किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज या शरीर को उसकी अनुमति के बिना किसी फर्जी वीडियो में इस्तेमाल करना अब सिर्फ सोशल मीडिया की समस्या नहीं रह गया है।जान्हवी कपूर और दूसरे सितारों की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि AI डीपफेक के खिलाफ कानून और कार्रवाई कितनी सख्त होनी चाहिए और लोगों की डिजिटल प्राइवेसी की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाए।