☰
×

बेटे पर फायरिंग के बाद पहली बार दिखे जैकी श्रॉफ: बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, सुनील शेट्टी और दीपक पराशर का फूटा गुस्सा

 

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री में चिंता का माहौल है। कई सितारों ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसी बीच अभिनेता जैकी श्रॉफ सोमवार को मुंबई में दिवंगत गायक और संगीतकार बप्पी लाहिड़ी के सम्मान में आयोजित ‘बप्पी लाहिड़ी मार्ग’ के नामकरण और अनावरण समारोह में शामिल हुए।बेटे टाइगर की कार पर फायरिंग की घटना के बाद यह जैकी श्रॉफ की पहली सार्वजनिक उपस्थिति थी। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अभिनेता सुनील शेट्टी समेत कई हस्तियां मौजूद रहीं। इस दौरान सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ ने एक-दूसरे को गले लगाया।

सुनील शेट्टी बोले- टाइगर और जैकी से पूरी दुनिया प्यार करती है

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग की घटना पर सुनील शेट्टी ने चिंता जताई। उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया टाइगर और जैकी दादा से प्यार करती है। अगर उनके साथ ऐसा हो सकता है, तो किसी के साथ भी ऐसा हो सकता है। ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए था।”सुनील ने जैकी श्रॉफ को अपना बचपन का दोस्त बताया और कहा कि उन्हें राहत है कि टाइगर सुरक्षित हैं। दोनों अभिनेताओं ने ‘बॉर्डर’, ‘हलचल’ और ‘आन: मेन एट वर्क’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है।

दीपक पराशर ने उठाया सवाल- एक्टर्स काम करने आते हैं या निशाना बनने?

दिग्गज अभिनेता दीपक पराशर ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि टाइगर एक अच्छे इंसान हैं और जैकी श्रॉफ उनके काफी करीबी हैं। दीपक ने बताया कि उन्होंने जैकी को मैसेज भेजकर अपनी चिंता भी जाहिर की थी।दीपक ने सवाल उठाया कि आखिर अभिनेता फिल्मों में काम करने आते हैं या निशाना बनने के लिए? उन्होंने कहा कि अगर किसी गैंग को कोई शिकायत है, तो उसे हिंसा करने के बजाय बातचीत से मामला सुलझाना चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं का असर केवल किसी एक अभिनेता तक सीमित नहीं रहता। फिल्म निर्माण से जुड़े स्पॉट बॉय, कैमरा और साउंड टीम के सदस्यों समेत कई लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है।

शरद केलकर बोले- देश में ऐसी अराजकता नहीं होनी चाहिए

अभिनेता शरद केलकर ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को गलत बताते हुए कहा कि देश में इस तरह की अराजकता नहीं होनी चाहिए। उनके मुताबिक, यह मामला केवल बॉलीवुड या किसी मशहूर हस्ती की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि कानून-व्यवस्था से भी जुड़ा है।शरद ने बताया कि घटना के बाद उनकी जैकी श्रॉफ से बातचीत हुई थी और उन्होंने उन्हें मैसेज भी किया था। उन्होंने मुंबई पुलिस पर भरोसा जताते हुए उम्मीद की कि मामले की गहराई से जांच होगी और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी।

राजेश रोशन ने बताया दुखद, अर्शी खान ने की कार्रवाई की मांग

म्यूजिक डायरेक्टर राजेश रोशन ने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना को बेहद दुखद बताया।वहीं, बिग बॉस फेम अर्शी खान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष और सही तरीके से जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि घटना को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अर्शी ने कहा कि टाइगर एक लोकप्रिय अभिनेता हैं और उनके चाहने वालों की संख्या काफी बड़ी है।

बॉलीवुड सितारों ने जताई चिंता

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। सितारों का कहना है कि किसी भी विवाद या शिकायत का समाधान हिंसा से नहीं, बल्कि कानून और बातचीत के जरिए होना चाहिए।फिलहाल, इस मामले में पुलिस की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं। फिल्म इंडस्ट्री को उम्मीद है कि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।