ब्लॉकबस्टर मंगलवार ने बदली बॉक्स ऑफिस की तस्वीर, ‘इरुमुडी’ सबसे आगे,‘आवारापन 2’ ने भी पकड़ी रफ्तार
सोमवार को सुस्त नजर आए बॉक्स ऑफिस पर मंगलवार को एक बार फिर रौनक लौटती दिखी। ‘ब्लॉकबस्टर ट्यूज्डे’ का फायदा सिनेमाघरों में चल रही बॉलीवुड और साउथ की फिल्मों को मिला। कई फिल्मों की कमाई में सोमवार के मुकाबले तेजी देखने को मिली। इनमें रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ ने मंगलवार को सबसे शानदार प्रदर्शन किया।वहीं, इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ ने दूसरे मंगलवार को कमाई में अच्छी बढ़त दर्ज की और फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
‘इरुमुडी’ ने पांचवें दिन मचाई धूम
रवि तेजा की ‘इरुमुडी’ बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए हुए है। फिल्म ने रिलीज के पांचवें दिन यानी पहले मंगलवार को भारत में 12.20 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।
इसके साथ ही फिल्म का पांच दिनों का भारत में कुल नेट कलेक्शन 75.05 करोड़ रुपये हो गया है। मंगलवार की कमाई ने फिल्म को सप्ताह के बाकी दिनों के लिए भी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है।
‘आवारापन 2’ की कमाई में आया उछाल
इमरान हाशमी स्टारर ‘आवारापन 2’ ने रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को कमाई में तेजी दिखाई। सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ने मंगलवार को भारत में 4 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।
फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 143 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 170.35 करोड़ रुपये हो गया है। विदेशों में फिल्म ने 12वें दिन करीब 0.50 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका ओवरसीज ग्रॉस कलेक्शन 31.30 करोड़ रुपये पहुंच गया।
इस तरह ‘आवारापन 2’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 201.65 करोड़ रुपये हो गया है।
‘बंटवारा 1947’ ने भी बढ़ाया कलेक्शन
‘बंटवारा 1947’ की कमाई में भी दूसरे मंगलवार को मामूली तेजी देखने को मिली। फिल्म ने 12वें दिन 2,688 शो से करीब 0.55 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।
भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब 37.70 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 44.72 करोड़ रुपये है। विदेशों में 12वें दिन 0.10 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का ओवरसीज ग्रॉस 9.05 करोड़ रुपये पहुंच गया।
फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 53.77 करोड़ रुपये हो गया है।
‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने भी पकड़ी रफ्तार
सूर्या की ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ ने रिलीज के 12वें दिन यानी दूसरे मंगलवार को करीब 2.80 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का 12 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 105.50 करोड़ रुपये हो गया है।
मंगलवार की बढ़ी हुई कमाई से फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी है।
‘डीसी’ की कमाई में भी हल्का उछाल
लोकेश कनगराज और वामिका गब्बी की तमिल फिल्म ‘डीसी’ ने रिलीज के 19वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को करीब 0.92 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।फिल्म ने मंगलवार को 1,017 शो से यह कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन 67.24 करोड़ रुपये हो गया है।
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ का कलेक्शन भी बढ़ा
‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने रिलीज के 27वें दिन यानी चौथे मंगलवार को भी कमाई में तेजी दिखाई। फिल्म ने मंगलवार को करीब 1.60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की।इसके साथ ही भारत में फिल्म का 27 दिनों का कुल नेट कलेक्शन 487.25 करोड़ रुपये हो गया है।कुल मिलाकर मंगलवार को ज्यादातर फिल्मों के लिए बॉक्स ऑफिस पर सोमवार के मुकाबले बेहतर दिन रहा। हालांकि सभी की नजर अब आने वाले वीकेंड पर है, जब इन फिल्मों की कमाई में और बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।