इंदिरा कृष्णा ने शेयर किया को-स्टार्स के साथ बॉन्ड, कहा- मृदुल और रोहिन बेहतरीन कलाकार
मुंबई, 13 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री इंदिरा कृष्णा इन दिनों टीवी सीरियल 'गंगा माई की बेटियां' में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए यंग को-स्टार्स मृदुल रंजन और रोहिन जोशी के साथ अपना बॉन्ड शेयर किया।
अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें वे अपनी पूरी टीम के साथ नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए युवा कलाकारों के लगन, सीखने की इच्छा और विनम्र स्वभाव की जमकर सराहना की। साथ ही, शो के दो युवा एक्टर्स मृदुल और रोहिन को नए एक्टर्स के तौर पर इंट्रोड्यूस किया और बताया कि कैसे दोनों हमेशा सीखने, सुनने और अपने काम को करने के नए तरीके एक्सप्लोर करने के लिए तैयार रहते हैं।
उन्होंने लिखा, "जश्न मनाने की कोई न कोई वजह तो होती ही है और यह मौके पर जिन लोगों के साथ आप काम करते हैं, उन्हें करीब से जानने से बेहतर मौका होता है। आज मैं ऐसे ही दो बेहतरीन और उभरते हुए कलाकारों मृदुल और रोहिन से आप सभी को मिलवाना चाहती हूं। दोनों हमेशा कुछ नया सीखने, दूसरों की बात सुनने और नए तरीके से सोचने के लिए तैयार रहते हैं। मेरा मानना है कि अलग-अलग पीढ़ियों का साथ आना एक बहुत अच्छा मेल है, जो अभी भी बन रहा है।"
अभिनेत्री ने बताया युवा एक्टर्स रोहिन की खूबियां गिनाते हुए लिखा, "मैंने रोहिन के साथ बहुत कम सीन किए हैं, लेकिन वह शांत और थोड़ा अंतर्मुखी होने के साथ-साथ बहुत शरारती भी है। उसके पास हमेशा मुझसे शेयर करने के लिए कुछ न कुछ होता है। मुझे उसका मेहनत करने का जज्बा बहुत पसंद है। वह अपने किरदार मुरली को असल जिंदगी में जैसा है, वैसा दिखाने के लिए बहुत मेहनत करता है।"
अभिनेत्री ने बताया कि युवा कलाकार मृदुल के साथ उनके ज्यादातर सीन हैं। उन्होंने लिखा, "मृदुल शेखर का किरदार निभा रहे हैं। वह जम्मू से ताल्लुक रखता है और अक्सर हमारी बातों में वहीं को लेकर होती हैं। वह एक अच्छा कलाकार है, जल्दी चीजें समझ लेता है और साथ ही बहुत विनम्र और सादगी भरा इंसान है। शायद यही वजह है कि मुझे उससे बातें करना अच्छा लगता है।"
अभिनेत्री ने आगे लिखा, "कुछ तस्वीरें शेयर कर रही हूं, जिन्हें पहले शेयर करना भूल गई थी। मैं हमेशा तुम दोनों को प्यार और हौसला देता रहूंगी। तुम्हें जिंदगी में ढेरों शुभकामनाएं और एक शानदार व सफल सफर की कामना करती हूं और हां, अपने सिद्धू जीशान के साथ एक तस्वीर भी है।
वरिष्ठ अभिनेत्री इंदिरा कृष्णन सीरियल 'गंगा माई की बेटियां' में 'दुर्गावती' नाम की एक शक्तिशाली और सिद्धांतवादी महिला का किरदार निभा रही हैं।
--आईएएनएस
एनएस/पीएम