मुझे लगा था मैं नहीं बचूंगा...' चाकू हमले को याद कर भावुक हुए सैफ अली खान, वीडियो में बोले- बच्चों से आखिरी बार मिलना चाहता था
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने हाल ही में उन पर हुए चाकू हमले को याद करते हुए उस रात के भयावह अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि हमले के दौरान एक पल ऐसा भी आया जब उन्हें लगा कि शायद वह जीवित नहीं बच पाएंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह हमलावर को माफ करना चाहते हैं, लेकिन उस घटना को भूल पाना उनके लिए आसान नहीं है। 'मोजो स्टोरी' को दिए एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने बताया कि हमले के दौरान उनका सफेद कुर्ता-पायजामा पूरी तरह खून से लथपथ हो गया था।
'मुझे लगा अब शायद मैं मर जाऊंगा'
सैफ ने कहा, "एक समय मैं जमीन पर पड़ा था। उस वक्त मुझे लगा कि शायद मैं मर जाऊंगा।" उन्होंने बताया कि उस कठिन घड़ी में शरीर में एड्रेनालिन इतना ज्यादा था कि डर का एहसास कम हो रहा था। अभिनेता ने कहा, "मुझे ऐसा महसूस हुआ कि मैंने अपनी जिंदगी पूरी तरह जी ली है। बस एक बार अपने बच्चों से मिलकर उनका हाथ पकड़ना और उन्हें अलविदा कहना चाहता था। मुझे लगा कि मेरी जिंदगी बहुत अच्छी रही है।"
'फिर खुद से कहा- अभी सब खत्म नहीं हुआ'
सैफ ने आगे बताया कि कुछ देर बाद उनके भीतर जीने की इच्छा और मजबूत हो गई। उन्होंने कहा, "फिर मैंने खुद से कहा, नहीं... अभी सब खत्म नहीं हुआ है। मुझे अभी और जीना है।"
हमलावर को माफ करना चाहते हैं, लेकिन घटना भूलना मुश्किल
सैफ अली खान ने कहा कि वह हमलावर को माफ करने की कोशिश करना चाहते हैं, लेकिन जिस तरह उन पर जानलेवा हमला किया गया, उसे भुला पाना आसान नहीं है। उन्होंने माना कि उस रात का अनुभव उनकी जिंदगी के सबसे मुश्किल पलों में से एक था और उसकी यादें आज भी उनके साथ हैं।