×

हॉलीवुड से बॉलीवुड तक रोशन सेठ: नेहरू का किरदार निभाकर मिली लोकप्रियता, वेब सीरीज़ में गंभीर रोल निभाकर जीता दिल

 

मुंबई, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा पर राज करने के बाद अभिनेता वैश्विक पहचान बनाने के लिए हॉलीवुड जाते हैं लेकिन एक भारतीय-ब्रिटिश मूल के अभिनेता ने हॉलीवुड छोड़ भारत में अपनी पहचान बनाने का फैसला किया।

हम बात कर रहे हैं जवाहर लाल नेहरू का किरदार निभाकर लोकप्रियता पाने वाले रोशन सेठ का।

अभिनेता 2 अप्रैल को अपना 84वां जन्मदिन मनाएंगे। बिहार के पटना में जन्मे रोशन सेठ को नहीं पता था कि बड़े होकर वे हॉलीवुड और बॉलीवुड में पहचान बनाने वाले हैं। अभिनेता की मां एंग्लो-मुस्लिम थी जबकि पिता हिंदू थे। देश के विभाजन से पहले जन्मे रोशन सेठ के पिता पटना मेडिकल कॉलेज में बायोकेमिस्ट्री के प्रोफेसर थे और रोशन को भी उच्च शिक्षा के लिए विदेश भेजना चाहते थे। अभिनेता ने पहले अपनी शुरुआती पढ़ाई दून स्कूल से की और फिर सेंट स्टीफन कॉलेज में जाकर आगे की पढ़ाई की। साल 1965 में रोशन ने लंदन एकेडमी ऑफ म्यूजिक एंड ड्रामेटिक आर्ट में ट्रेनिंग ली और अपनी कला को निखारने का काम किया।

वहीं विदेश में रहकर उन्होंने कई थिएटर किए और यहीं से उनकी अभिनय की नींव मजबूत हुई। हालांकि एक ही किरदार करते-करते अभिनेता थक चुके थे और यही कारण रहा कि साल 1970 के बाद उन्होंने यूके छोड़ भारत आने का फैसला लिया। वे भारत में पत्रकार बनने के लिए आए और कुछ साल इसी फील्ड में काम किया।

साल 1980 में अभिनेता ने भारत में रहकर 'गांधी' फिल्म से कमबैक किया और इस फिल्म में जवाहर लाल नेहरू का किरदार निभाया। उनका अभिनय इतना नेचुरल था कि इसके लिए उन्हें बाफ्टा अवॉर्ड में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर के लिए नॉमिनेट भी किया गया लेकिन वे अवॉर्ड लेने से चूक गए लेकिन फिल्म को ऑस्कर से नवाजा गया। 'गांधी' के बाद अभिनेता को हिंदी सिनेमा में पहचान मिली थी और उन्होंने बैक-टू-बैक कई फिल्मों में काम किया।

साल 1998 में 'भारत एक खोज' में भी अभिनेता जवाहर लाल नेहरू के किरदार में दिखे। उन्होंने 'इंडियाना जोंस एंड द टेम्पल ऑफ डूम,' 'माइ ब्यूटीफुल लॉन्डरेट और स्ट्रीट फाइटर जैसी विदेशी फिल्मों में भी काम किया, जिसके बाद वे सलमान खान की 'एक था टाइगर,' 'गुरु,' 'मानसून वेडिंग,' 'सच: अ लॉन्ग जर्नी', और 'बॉम्बे बॉयेज़' जैसी फिल्मों में काम किया। अभिनेता की साल 2021 में बिहाइंड हर आईज नाम की नेटफ्लिक्स की सीरीज में काम किया था, जिसमें वे एक मनोवैज्ञानिक डॉक्टर के किरदार में दिखे थे। इस सीरीज के बाद अभिनेता पर्दे से गायब हैं।

--आईएएनएस

पीएस/पीएम