सफलता मिलने पर किसी को छोटा नहीं समझना चाहिए, बराबरी और इंसानियत सबसे जरूरी: विजयेंद्र कुमेरिया
मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता विजयेंद्र कुमेरिया को गुरु नानक देव जयंती की सबसे खास परंपरा लंगर लगती है, जहां हर धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं। उन्होंने आईएएनएस से खास बातचीत में बचपन की यादें साझा कीं और बताया कि बचपन में इस त्योहार के दौरान घर और आसपास का माहौल काफी खुशी भरा रहता था। इस मौके पर प्रार्थनाएं होती थीं, कीर्तन गाए जाते थे और सबसे ज्यादा जोर सेवा पर दिया जाता था। इन सभी परंपराओं में लंगर हमेशा खास होता है। यह इंसानियत और बराबरी का सबसे खूबसूरत संदेश देता है।
आईएएनएस से बात करते हुए विजयेंद्र ने कहा, ''गुरु नानक देव जयंती हमेशा मेरे लिए सकारात्मकता और शांति का एहसास लेकर आती है। मुझे बचपन में इस त्योहार के दौरान का माहौल याद है। प्रार्थनाएं होती थीं, कीर्तन होते थे और सबसे जरूरी सेवा का भाव रहता था। मुझे लंगर की परंपरा हमेशा बहुत खूबसूरत लगी है। अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग एक साथ बैठकर एक जैसा खाना खाते हैं। वहां किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता। मेरे लिए यह बहुत बड़ा संदेश है कि किसी भी पहचान से पहले हम सभी इंसान हैं। आज भी यह त्योहार मुझे आभार का एहसास कराता है।''
उन्होंने कहा, ''हम सभी बराबर हैं, यह विचार मेरे दिल के बहुत करीब है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए कि आप किस धर्म को मानते हैं, कहां से आते हैं या समाज में आपका क्या स्थान है। मेरे लिए ईमानदार, दयालु और दूसरों के प्रति संवेदनशील होना ज्यादा मायने रखता है। गुरु नानक देव जी की एक और सीख, जिससे मैं जुड़ाव महसूस करता हूं, वह है ईमानदारी से मेहनत करके कमाना और अपने पास जो कुछ भी है, उसे दूसरों के साथ बांटना। ये छोटी-छोटी बातें हैं, लेकिन हमारी जिंदगी को बेहतर बनाती हैं। आखिर में एक अच्छा इंसान बनना ही सबसे जरूरी है।''
विजयेंद्र ने कहा, ''एक कलाकार के करियर में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और मैंने भी इसका अनुभव किया है। इसलिए मेरे लिए यह याद रखना जरूरी है कि न तो सफलता हमेशा रहती है और न ही असफलता। मैं किसी दूसरे के करियर को देखने के बजाय अपने काम पर ध्यान देना पसंद करता हूं। हमेशा कोई न कोई आपसे ज्यादा सफल या लोकप्रिय होगा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप अपनी उपलब्धियों की अहमियत भूल जाएं। आपको अपनी तरक्की से खुश रहना चाहिए।''
विजयेंद्र ने अपनी परवरिश और परिवार को अपनी सोच का श्रेय दिया। उन्होंने कहा, ''आज मैं जिस तरह का इंसान हूं, उसमें मेरे परिवार और मेरी परवरिश का बहुत बड़ा योगदान है। पेशेवर जिंदगी में चीजें अच्छी चल रही हों या नहीं, मैं कोशिश करता हूं कि इसका असर लोगों के साथ मेरे व्यवहार पर न पड़े। महत्वाकांक्षी होने, मेहनत करने और जिंदगी में आगे बढ़ने की इच्छा रखने में कुछ गलत नहीं है। लेकिन सफलता कभी आपको दूसरों को अपने से छोटा समझने पर मजबूर नहीं करनी चाहिए। मेरे लिए विनम्रता का मतलब खुद को कम महत्वपूर्ण समझना नहीं, बल्कि कभी यह न सोचना है कि आप किसी दूसरे इंसान से ज्यादा महत्वपूर्ण हैं।''
--आईएएनएस
पीके/एएस