शरद कपूर की मदद की अपील पर त्रिधा चौधरी बोलीं-'मुश्किल वक्त में मदद मांगने से डरना नहीं चाहिए'
मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता शरद कपूर इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। करीब 2-3 साल से बिस्तर पर रहने के बाद अब वह दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो पोस्ट कर फिल्म इंडस्ट्री के सीनियर कलाकारों और लोगों से मदद मांगी।
शरद कपूर के इस वीडियो पर अभिनेत्री त्रिधा चौधरी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने शरद के हिम्मत दिखाकर मदद मांगने की तारीफ की और बताया कि मुश्किल वक्त में अपनी परेशानी सामने रखने से दूसरे लोग भी प्रेरित हो सकते हैं।
त्रिधा चौधरी ने यह बात टीसीईएल 2027 के दौरान आईएएनएस से खास बातचीत में कही। उन्होंने कहा कि आर्थिक परेशानी के दौर में मदद मांगना कोई गलत बात नहीं है। उन्होंने कहा, ''आप जानते हैं कि हम कलाकार हैं और लोग हमें पर्दे पर देखते हैं। दर्शक हमारी काफी सराहना भी करते हैं। इसलिए मुझे लगता है कि अगर वह किसी को प्रेरित करना चाहते हैं और आर्थिक परेशानी से गुजरने के बावजूद मदद मांगने से नहीं डरते, तो दूसरे लोगों को भी ऐसा ही करना चाहिए। मुझे लगता है कि इस मामले में वह एक अच्छी मिसाल पेश कर रहे हैं।''
दरअसल, अभिनेता शरद कपूर हाल ही में अपने एक भावुक वीडियो की वजह से चर्चा में आए थे। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री से काम देने की अपील की थी। उन्होंने बताया कि वह पिछले दो से तीन साल से बिस्तर पर हैं। उन्होंने इंडस्ट्री के अपने वरिष्ठ साथियों से मदद मांगी थी ताकि वह एक बार फिर अपने करियर को पटरी पर ला सकें।
त्रिधा से पहले अभिनेत्री नेहा धूपिया ने भी शरद कपूर की स्थिति पर प्रतिक्रिया दी थी। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, ''जब आप इस तरह के वीडियो देखते हैं तो सच में आपका दिल उनके लिए दुखी होता है और आपको अंदर तक भावुक कर देता है। मनोरंजन जगत एक ऐसा पेशा है, जो कलाकारों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन जाता है। एक बार इस दुनिया का हिस्सा बनने के बाद इससे अलग होना आसान नहीं होता।''
उन्होंने कहा, ''मैं उम्मीद करती हूं कि हर कोई हमेशा अच्छा करे और किसी को मुश्किलों का सामना न करना पड़े। हालांकि, मैं नहीं जानती कि मेरी यह उम्मीद कितनी पूरी हो सकती है।''
--आईएएनएस
पीके/पीएम