×

कानूनी अड़चनों के बाद रिलीज के लिए तैयार 'श्री बाबा नीम करोली महाराज', इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक

 

मुंबई, 16 मई (आईएएनएस)। आस्था और सिनेमा के मेल से बनी फिल्में हमेशा दर्शकों के बीच खास जगह बनाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म लंबे समय से चर्चा में है, जो नीम करोली बाबा के जीवन और उनके संदेशों पर आधारित है। 'श्री बाबा नीम करोली महाराज' फिल्म लंबे समय से कानूनी मामलों में फंसी हुई थी, जिसके चलते इसकी रिलीज डेट फाइनल नहीं हो पा रही थी। लेकिन अब आखिरकार इस फिल्म को हरी झंडी मिल गई है।

इस फिल्म में अभिनेता सुबोध भावे मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। जब से इस फिल्म की घोषणा हुई, तभी से दर्शकों और भक्तों में इसे लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही हैं। फिल्म का सफर शुरुआत से ही मुश्किलों से भरा रहा। इसे पहले 24 अप्रैल को रिलीज किया जाना था, लेकिन पोस्ट-प्रोडक्शन और मंजूरी न मिलने के चलते इसे आगे बढ़ा दिया गया। इसके बाद जब फिल्म सेंसर बोर्ड के पास भेजी गई, तो वहां भी प्रक्रिया में लगातार देरी होती रही, जिससे फिल्म की रिलीज टलती चली गई।

निर्माताओं का दावा है कि उन्होंने फिल्म के लिए सभी जरूरी दस्तावेज पहले ही जमा कर दिए थे, जिनमें बाबा के परिवार, कानूनी उत्तराधिकारियों और संबंधित ट्रस्ट से मिले अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) भी शामिल थे। इसके बावजूद, सर्टिफिकेशन की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ रही थी। इस देरी को लेकर फिल्म की टीम लगातार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाती रही, लेकिन उन्हें कोई समाधान नहीं हुआ।

स्थिति तब और जटिल हो गई जब फिल्म निर्माताओं ने इस मामले को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अपनी याचिका में आरोप लगाया कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सेंसर बोर्ड) की ओर से प्रक्रिया में अनावश्यक देरी की जा रही है।

निर्माताओं के अनुसार, जब मामला अदालत तक पहुंचा, तो इसके बाद ही प्रक्रिया में तेजी आई और फिल्म को आखिरकार सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया। इस घटनाक्रम के बाद फिल्म की टीम ने राहत की सांस ली और रिलीज की तैयारी शुरू कर दी।

फिल्म के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर ने इस फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि लाखों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी कहानी है। तमाम नियमों का पालन करने और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद देरी हो रही थी, लेकिन अंत में न्याय मिला और अब फिल्म दर्शकों तक पहुंचने के लिए तैयार है।

इस फिल्म का निर्माण कई प्रोड्यूसर्स ने मिलकर किया है, जिनमें बलराम गर्ग, बलवीर सिंह, शरद सिंह ठाकुर, खड़ग सिंह गौड़ और नीलम सिंह शामिल हैं। फिल्म 'श्री बाबा नीम करोली महाराज' 29 मई को बड़े पर्दे पर रिलीज होने जा रही है।

--आईएएनएस

पीके/एएस