☰
×

'प्यार का पंचनामा 2' में नहीं मिला था रोल, तो शरवरी वाघ ने लव रंजन से मांगा असिस्टेंट बनने का मौका

 

मुंबई, 23 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री शरवरी वाघ आज बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी हैं, लेकिन पर्दे तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। फिल्मों में बतौर अभिनेत्री काम करने से पहले उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर भी काफी कुछ सीखा है। शुरुआत में जब उन्हें फिल्म में काम करने का मौका नहीं मिला तो उन्होंने हार मानने के बजाय निर्देशक की असिस्टेंट बनने का फैसला किया।

हाल ही में शरवरी ने माधुरी दीक्षित के मराठी रियलिटी क्विज शो 'कोण होणार करोडपती' में अपने शुरुआती दिनों का यह दिलचस्प किस्सा शेयर किया। उन्होंने बताया कि फिल्ममेकर लव रंजन ने उन्हें बिना किसी अनुभव के असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम करने का मौका दिया था।

दरअसल, शो में माधुरी दीक्षित के साथ बातचीत के दौरान शरवरी ने बताया कि उन्होंने शुरुआत में फिल्म 'प्यार का पंचनामा 2' के लिए ऑडिशन दिया था। वह इस फिल्म के जरिए अभिनेत्री के तौर पर अपना करियर शुरू करना चाहती थीं, लेकिन ऑडिशन में उनका सिलेक्शन नहीं हुआ। इसके बाद भी उन्होंने कोशिश जारी रखी और फिल्म के निर्देशक लव रंजन से एक अलग तरह का मौका मांग लिया।

शरवरी ने इस किस्से को याद करते हुए बताया, ''मुझे याद है कि मैं 'प्यार का पंचनामा 2' के लिए ऑडिशन देने गई थी, लेकिन मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ। इसके बाद मैंने उनसे पूछा कि क्या मैं डायरेक्टर की असिस्टेंट बन सकती हूं? उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या तुम्हें कोई काम आता है? मैंने जवाब दिया कि नहीं, मुझे कुछ भी नहीं आता। इसके बावजूद उन्होंने मुझे काम दिया और सब कुछ सिखाया।''

शरवरी ने आगे कहा, ''यह मौका मेरे करियर के लिए काफी अहम साबित हुआ। मैंने बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर तीन फिल्मों में काम किया। इनमें लव रंजन की 'प्यार का पंचनामा 2' और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' के अलावा संजय लीला भंसाली की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' भी शामिल है। इन फिल्मों में पर्दे के पीछे काम करते हुए मुझे फिल्ममेकिंग को करीब से समझने और इंडस्ट्री में काम करने का अनुभव मिला। यही अनुभव आगे चलकर मेरे अभिनय करियर की नींव बना।''

वर्कफ्रंट की बात करें तो शरवरी अब सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म के साथ वह पहली बार राजश्री प्रोडक्शंस की हीरोइन बनने जा रही हैं। फिल्म में उनके साथ आयुष्मान खुराना मुख्य भूमिका में हैं। यह एक पारिवारिक रोमांटिक ड्रामा है, जिसमें अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

--आईएएनएस

पीके/एबीएम