'मेरे लिए 'बिग बॉस' का सफर बेहद खास रहा', 20वें सीजन की रिकॉर्ड ओपनिंग पर सलमान खान
मुंबई, 9 सितंबर (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में कई रियलिटी शोज आए और गए, लेकिन 'बिग बॉस' ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है। शो की पहचान सलमान खान के बिना अधूरी है। सलमान ने साल 2010 में 'बिग बॉस 4' से होस्टिंग शुरू की थी और अब वह इसके 20वें सीजन तक पहुंच चुके हैं। इतने लंबे सफर के बाद भी शो के लिए दर्शकों का क्रेज कम नहीं हुआ है।
अब 'बिग बॉस 20' की रिकॉर्ड शुरुआत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सलमान और इस शो की जोड़ी दर्शकों के बीच कितनी मजबूत है।
हाल ही में शुरू हुए 'बिग बॉस 20' ने जियो हॉटस्टार पर अब तक का सबसे बड़ा रियलिटी शो लॉन्च दर्ज किया है। शो को मिली इस शानदार शुरुआत के बाद सलमान खान ने अपने 16 साल के सफर को याद करते हुए खुशी जाहिर की।
उन्होंने कहा, ''बिग बॉस मेरे लिए बहुत खास सफर रहा है। मैंने शो के 16 सीजन होस्ट किए हैं और अब इसे 20वें सीजन तक पहुंचते देखना और इस तरह का प्यार मिलना सच में बहुत ज्यादा खुशी देने वाला है। बिग बॉस हिंदी सीजन 20 को अब तक का सबसे बड़ा रियलिटी शो लॉन्च बनते देखना हम सभी के लिए गर्व की बात है।''
सलमान ने आगे कहा, '''बिग बॉस' के हर सीजन में कुछ न कुछ नया देखने को मिलता है, लेकिन शो की असली ताकत उसके दर्शक हैं। इतने सालों से दर्शकों का प्यार और सपोर्ट ही इस सफर को खास बनाता आया है। हर नए सीजन के साथ लोगों की उम्मीदें और एक्साइटमेंट भी बढ़ती जाती है।"
'बिग बॉस 20' को लेकर सलमान खान ने कहा, ''इस बार शो में नए कंटेस्टेंट्स के साथ नया गेम और कई सरप्राइज देखने को मिलेंगे। मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि घर में आए कंटेस्टेंट्स किस तरह अपना गेम खेलते हैं और उनका सफर किस दिशा में आगे बढ़ता है। शो की ओपनिंग को मिले शानदार रिस्पॉन्स के लिए मैं दर्शकों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। इस सफर में अब तक जितने भी लोग मेरे साथ जुड़े हैं, मैं उन सभी का आभारी हूं। दर्शकों के प्यार के बिना 'बिग बॉस' का यह लंबा सफर संभव नहीं हो पाता।''
'बिग बॉस 20' की कामयाबी पर जियो हॉटस्टार के हिंदी और इंग्लिश एंटरटेनमेंट बिजनेस के हेड आलोक जैन ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, '''बिग बॉस' लगातार रियलिटी एंटरटेनमेंट के नए रिकॉर्ड बना रहा है। 'बिग बॉस हिंदी' का अब तक का सबसे बड़ा लॉन्च होना इस फ्रेंचाइजी और दर्शकों के बीच पिछले दो दशकों से बने मजबूत रिश्ते को दिखाता है। शो के लिए दर्शकों की जबरदस्त दीवानगी और लगातार बनी हुई दिलचस्पी यह साबित करती है कि हर सीजन के साथ 'बिग बॉस' की पहुंच और अहमियत बनी हुई है। शो ने 20वें सीजन में भी अपनी पकड़ बरकरार रखी है।''
'बिग बॉस 20' जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे और कलर्स टीवी पर हर रात 10:30 बजे प्रसारित होता है।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम