×

सैयामी खेर की फिल्म के लिए श्रेया घोषाल ने रिकॉर्ड किया खास गाना, जावेद अख्तर के बोल और हिमेश की धुन से सजेगा ट्रैक

 

मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। मशहूर प्लेबैक सिंगर श्रेया घोषाल एक बार फिर अपनी आवाज का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। वह निर्देशक विक्रम फडणीस की आने वाली फिल्म के लिए एक खास गाना रिकॉर्ड कर रही हैं। इस गाने के बोल दिग्गज गीतकार जावेद अख्तर ने लिखे हैं और संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। फिल्म की मुख्य अभिनेत्री सैयामी खेर इस गाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं और उन्होंने श्रेया घोषाल के साथ रिकॉर्डिंग स्टूडियो में बिताए अपने खास पल को याद किया है।

सैयामी खेर ने बताया कि श्रेया घोषाल के साथ इस तरह काम करना उनके लिए बेहद यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा से श्रेया घोषाल की बहुत बड़ी प्रशंसक रही हूं और उन्हें अपना दोस्त भी मानती हूं। मुझे लगता है कि हर अभिनेता चाहता है कि उसकी फिल्मोग्राफी में श्रेया घोषाल का गाया हुआ एक गाना जरूर हो। उन्हें इस गाने में अपना जादू बिखेरते हुए सुनना मेरे लिए बेहद खास था। जिस तरह उन्होंने अपनी आवाज से इस गाने को जीवंत किया, वह मेरे लिए हमेशा याद रहने वाला अनुभव है।''

फिल्म के निर्देशक विक्रम फडणीस ने भी इस गाने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि फिल्म के लिए श्रेया घोषाल को शामिल करना शुरुआत से ही उनकी योजना का हिस्सा था।

विक्रम फडणीस ने कहा, ''जब जावेद अख्तर ने गाने के बोल लिखे और हिमेश रेशमिया ने इसकी धुन तैयार की, तभी यह तय हो गया था कि इस गाने के लिए श्रेया घोषाल की आवाज सबसे सही होगी। इस गाने को एक ऐसी आवाज की जरूरत थी, जो इसकी भावनाओं को लोगों तक पहुंचा सके। यह सिर्फ एक गाना नहीं था, बल्कि इसमें एक आत्मा की जरूरत थी। हम श्रेया के अलावा किसी और के बारे में सोच ही नहीं सकते थे।''

उन्होंने आगे कहा कि टीम को खुशी है कि उन्होंने इस गाने के लिए सही समय का इंतजार किया। श्रेया घोषाल ने अपनी आवाज के जरिए इस ट्रैक में जो खूबसूरती और भावनाएं जोड़ी हैं, उससे दर्शक भी जुड़ पाएंगे।

हालांकि, अभी तक इस फिल्म के नाम और कहानी से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। इस फिल्म में सैयामी खेर के साथ अभिनेता ताहिर राज भसीन भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।

--आईएएनएस

पीके/पीएम