×

'हम 24 में 36 घंटे काम करते थे', रवीना-करिश्मा ने याद किया 90 के दशक का दौर

 

मुंबई, 23 सितंबर (आईएएनएस)। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के शो 'इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5' के सेट पर एक्ट्रेस रवीना टंडन ने 90 के दशक के बॉलीवुड दौर को याद किया। वह शो के सेमी-फिनाले एपिसोड में स्पेशल गेस्ट बनकर पहुंचीं थी।

इस दौरान उन्होंने शो की जज और साथी एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के साथ पुराने दौर की कई यादें साझा कीं। रवीना ने बताया कि उस समय वह और करिश्मा एक दिन में कई फिल्मों की शूटिंग करती थीं और कई बार उन्हें खुद भी याद नहीं रहता था कि वह किस फिल्म के किस किरदार में हैं।

रवीना ने मजाकिया अंदाज में कहा, ''मुझे लगता है कि 90 के दशक में शायद दो ही हीरोइनें थीं, जो 24 घंटे में 36 घंटे काम करती थीं। इनमें एक करिश्मा कपूर थी और दूसरी मैं खुद थी। एक ही दिन में करीब छह अलग-अलग प्रोडक्शन के सेट पर शूटिंग करनी पड़ती थी। कहीं दो घंटे शूटिंग, फिर दूसरे सेट पर डेढ़ घंटे, उसके बाद किसी और जगह तीन घंटे और फिर दूसरे सेट पर चार घंटे। इस तरह पूरा दिन अलग-अलग लोकेशन और किरदारों के बीच निकल जाता था।''

रवीना ने कहा, ''लगातार इतने प्रोजेक्ट्स पर काम करने की वजह से एक वक्त के बाद हमें यह तक याद नहीं रहता था कि हम किस किरदार में हैं। एक ही तरह का किरदार कई अलग-अलग फिल्मों में निभाते हुए कई बार बस यही करना होता था कि जो बताया गया है, उसे कर दो। अगर किसी फिल्म में मेरा किरदार अमीर और बिगड़ी हुई लड़की का था, तो वही किरदार छह अलग-अलग सेट पर भी चल रहा होता था।''

रवीना की इस बात पर करिश्मा कपूर भी अपनी एक याद साझा करती हैं। वह बताती हैं, ''उस समय ज्यादातर शूटिंग फिल्म सिटी में होती थी। हम दोनों सुबह सात बजे से काम शुरू कर देती थीं। कभी-कभी तो हम दोनों एक-दूसरे को अलग-अलग सेट पर जाते हुए देखती थीं। एक सेट से निकलकर दूसरे सेट पर पहुंचना, रास्ते में कपड़े बदलना और फिर तुरंत अगले सेट पर शूटिंग के लिए तैयार होना हमारी दिनचर्या का हिस्सा था।''

--आईएएनएस

पीके/एबीएम